![]()
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरुद में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने सोमवार को SDM कार्यालय में कार्रवाई की। टीम ने भू-अर्जन शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 पुनेश्वर सूर्यवंशी को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। आरोप है कि कन्हारपुरी में प्लॉट के डायवर्शन के लिए कार्यालय की ओर से रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की। जैसे ही पुनेश्वर सूर्यवंशी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपए लिए, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। वहीं एसीबी की टीम एसडीएम कार्यालय से आरोपी बाबू को हिरासत में लेकर निकल गई है। प्लॉट डायवर्शन के लिए मांगी गई थी रिश्वत शिकायतकर्ता प्रकाश चंद्राकर ने बताया कि उन्होंने कन्हारपुरी में 20/66 नंबर के एक प्लॉट के डायवर्शन के लिए आवेदन किया था। प्रकाश का आरोप है कि डायवर्शन का काम करने के एवज में SDM कार्यालय के बाबू ने उनसे पहले 40 हजार रुपए की मांग की। प्रकाश के मुताबिक, बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 20 हजार रुपए तक पहुंची। इसके बाद SDM के कार्यालय से चले जाने के बाद उनसे 10 हजार रुपए देने की मांग की गई। उन्होंने बताया कि पिछले करीब सात दिनों से उनसे पैसों की मांग की जा रही थी। शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल प्रकाश चंद्राकर ने रिश्वत की मांग की शिकायत ACB से की। शिकायत की जांच के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद सोमवार को ACB की टीम कुरुद SDM कार्यालय पहुंची। शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपए लेते ही ACB ने भू-अर्जन शाखा के सहायक ग्रेड-3 पुनेश्वर सूर्यवंशी को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद टीम ने कार्यालय में आगे की कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में भी हड़कंप की स्थिति रही। शिकायतकर्ता बोले- गरीब के लिए जमीन का डायवर्शन भी मुश्किल शिकायतकर्ता प्रकाश चंद्राकर ने कहा कि इस तरह सरकारी काम के लिए पैसे की मांग किए जाने से गरीब व्यक्ति के लिए अपनी जमीन का डायवर्शन कराना भी मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने मामले में दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सजा की मांग की है। उन्होंने कहा कि जमीन के डायवर्शन की प्रक्रिया सभी लोगों के लिए समान और आसान होनी चाहिए, ताकि लोगों को अपने वैध काम के लिए किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। ACB की कार्रवाई जारी ACB की टीम फिलहाल कुरुद SDM कार्यालय में कार्रवाई कर रही है। बंद कमरे में दस्तावेजों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार वहीं एसीबी की टीम एसडीएम कार्यालय से आरोपी बाबू को हिरासत में लेकर निकल गई है साथ ही आगे की करवाई की जा रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
Source link
डायवर्शन के नाम पर 10 हजार रिश्वत लेते क्लर्क गिरफ्तार:ACB की SDM कार्यालय में रेड, शिकायतकर्ता से रुपए लेते रंगे हाथ पकड़ा
