Headlines

गृह मंत्री अमित शाह करेंगे 'सेवा ज्योति यात्रा' का नेतृत्व:गुरुग्राम में प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन पर महा-आयोजन, मुख्यमंत्री समेत पूरी सरकार होगी शामिल




देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के उपलक्ष्य पर गुरुग्राम में एक भव्य राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। सात अक्टूबर को होने वाले इस कार्यक्रम में देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे और विशेष तौर पर आयोजित की जा रही ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर सांसद राव इंद्रजीत और विधायक मुकेश शर्मा पहलवान ने जिला भाजपा कार्यालय में मेयर, पार्षद और जिला कार्यकारिणी के सदस्यों की बैठक की। विधायक मुकेश शर्मा पहलवान ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी और सरकार द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे देश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत इस बार गुरुग्राम को राष्ट्रीय स्तर के मुख्य कार्यक्रम की मेजबानी का अवसर मिला है। गांवों से उठेंगी मशालें, शहर में एकजुट होगी ‘सेवा ज्योति’
विधायक मुकेश शर्मा पहलवान ने बताया कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ बेहद अनोखे और व्यापक स्तर पर आयोजित की जा रही है। इस अभियान के तहत जिले के तमाम गांवों और ब्लॉक स्तर से अलग-अलग मशाल यात्राएं निकाली जाएंगी। ये सभी ग्रामीण मशाल यात्राएं 7 अक्टूबर को शहर में प्रवेश करेंगी और मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर एक विशाल ‘सेवा ज्योति’ का रूप लेंगी। पटौदी विधानसभा क्षेत्र से भी एक विशाल सेवा ज्योति मशाल यात्रा निकाली जाएगी, जो पूरे क्षेत्र में सेवा का संदेश फैलाते हुए मुख्य आयोजन में शामिल होगी। पूरे हरियाणा में होंगे कार्यक्रम सात अक्टूबर को ही हरियाणा के सभी 22 जिलों में एक साथ सेवा ज्योति यात्रा के क्षेत्रीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन सभी जिला स्तरीय कार्यक्रमों को गुरुग्राम के मुख्य मंच से जोड़ा जाएगा। हरियाणा सरकार के विभिन्न मंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपने-अपने आवंटित जिलों के कार्यक्रमों से लाइव जुड़ेंगे और जनता को संबोधित करेंगे। सेवा ज्योति यात्रा का मुख्य उद्देश्य
विधायक मुकेश शर्मा ने बताया कि इस यात्रा का मूल उद्देश्य समाज में सेवा, समर्पण, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को और अधिक मजबूत करना है। इसके साथ ही, पिछले 25 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक लोकसेवक के रूप में देश और राज्यों के विकास की जो नई गाथा लिखी है, उस कल्याणकारी यात्रा और उनकी नीतियों को आम जनता तक पहुंचाना है। सुरक्षा और ट्रैफिक को लेकर प्रशासन अलर्ट
इस बेहद महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्तर के वीआईपी कार्यक्रम और गृह मंत्री अमित शाह के आगमन को देखते हुए गुरुग्राम जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। पुलिस कमिश्नर और जिला उपायुक्त के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट, रूट डायवर्जन और पार्किंग स्थलों को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। लेजर वैली ग्राउंड के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि आम जनता और कार्यक्रम में आने वाले हजारों कार्यकर्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने के लिए विशेष रूट प्लान भी तैयार किया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *