Headlines

हिसार में मृत व्यक्ति के फर्जी साइन कर किरायानामा बनाया:जायदाद हड़पने का आरोप, भाई-बहन सहित 3 पर केस; CSC संचालक समेत 2 गिरफ्तार




हिसार में जायदाद हड़पने की नीयत से मृत व्यक्ति के फर्जी हस्ताक्षर कर किरायानामा तैयार करने के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखराम उर्फ दीपू और सीएससी सेंटर संचालक रोहताश के रूप में हुई है। मामले में सुखराम की बहन सुमन भी आरोपी है। पुलिस ने सुखराम के कब्जे से फर्जी किरायानामा और दोनों आरोपियों से 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मोबाइल में फर्जी दस्तावेज से संबंधित स्क्रीनशॉट मिले हैं। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। जानिए शिकायत में क्या कहा गया… पिता का हो चुका है निधन : पुलिस के अनुसार मामले की शिकायत हिसार निवासी विभू ने दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके पिता का निधन 15 जनवरी 2026 को हो चुका है। परिवार जिस मकान में रह रहा है, वह उनकी दादालाई जायदाद है। फर्जी किरायानामा तैयार करवाया : आरोप है कि सुमन और उसके भाई सुखराम उर्फ दीपू ने जायदाद हड़पने की नीयत से 8 जून 2026 को फर्जी किरायानामा तैयार किया। इसमें विभू के मृत पिता को मकान मालिक और सुखराम को किरायेदार दिखाया गया। किरायानामे पर मृत व्यक्ति के फर्जी हस्ताक्षर भी किए गए। बिजली मीटर आवेदन से पता चला : आरोप है कि फर्जी किरायानामे के आधार पर सुखराम ने 9 जून को मकान की पहली मंजिल पर बिजली मीटर लगवाने के लिए आवेदन किया। जांच के दौरान पुलिस ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम से रिकॉर्ड हासिल किया। इससे फर्जी किरायानामे के आधार पर बिजली मीटर के लिए आवेदन किए जाने की पुष्टि हुई। जांच के बाद गिरफ्तार किया : जांच अधिकारी एएसआई अंजू की जांच के बाद पुलिस ने 4 अक्टूबर को सुखराम को उसके घर से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर असल फर्जी किरायानामा बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर सीएससी सेंटर संचालक रोहताश को भी जांच में शामिल किया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से दो फोन बरामद : पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से Vivo Y100 और Vivo T1 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मामले में पुलिस अब फर्जी दस्तावेज तैयार करने में आरोपियों की भूमिका और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *