![]()
रीवा में मंगलवार शाम जनसुनवाई में कैंसर से पीड़ित और चलने-फिरने में असमर्थ संदीप चतुर्वेदी को उनकी पत्नी राजकुमारी और परिवार के तीन सदस्य झोली में डालकर कलेक्ट्रेट लेकर पहुंचे। परिवार का आरोप है कि बड़े भाई के परिवार की प्रताड़ना से वे परेशान हैं। उन्होंने परिवार के खिलाफ फर्जी एफआईआर कराने का भी आरोप लगाया। संदीप की पत्नी राजकुमारी चतुर्वेदी ने बताया कि जेठ की पत्नी और उसके बच्चे उनके परिवार को लगातार परेशान करते हैं। उन्होंने पति के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया। राजकुमारी के मुताबिक, प्रताड़ना से परेशान होकर संदीप एक बार छत से भी कूद चुके हैं। उनका कहना है कि गुढ़ थाने में कई बार शिकायत के बावजूद मारपीट नहीं रुकी। पुश्तैनी घर से निकालने का आरोप संदीप ने बताया कि महसांव में उनका पुश्तैनी मकान है। बड़े भाई का परिवार उन्हें घर से बाहर निकालना चाहता है। इसी बात को लेकर आए दिन विवाद और मारपीट होने का आरोप है। परिवार का कहना है कि घर से बाहर किए जाने के बाद उनके पास रहने के लिए सुरक्षित जगह नहीं है। इसी वजह से वे अपना सामान लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, संदीप लंबे समय से कैंसर से पीड़ित हैं और खुद चल-फिर नहीं सकते। इसलिए उन्हें झोली में डालकर कलेक्ट्रेट के कक्ष तक ले जाया गया। प्रशासन से सुरक्षा और घर में रहने की मांग कलेक्ट्रेट में अधिकारियों ने संदीप से बात की। परिवार को संबंधित थाने में जाकर शिकायत करने के लिए कहा गया। परिवार का कहना है कि गुढ़ थाने में पहले ही कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं। कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें जनसुनवाई में आना पड़ा। परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा देने और पुश्तैनी घर में रहने की व्यवस्था कराने की मांग की है।
Source link
कैंसर पीड़ित पति को झोली में डालकर कलेक्ट्रेट पहुंची पत्नी:रीवा में 3 लोग उठाकर सभागार में लाए; हालत बिगड़ी, जेठ पर घर से निकालने का आरोप
