![]()
चंडीगढ़ में शिव सेना पंजाब की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पंजाब में हिंदू समाज से जुड़े ज्वलंत मुद्दों और समुदाय को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की रणनीति पर मंथन हुआ। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय चेयरमैन राजीव टंडन, पंजाब अध्यक्ष संजीव घनौली सहित राज्यभर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए पंजाब अध्यक्ष संजीव घनौली ने कहा कि पंजाब में लगातार सरकारों द्वारा हिंदू समाज की समस्याओं और मांगों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया है। उन्होंने हाल के दिनों में हिंदू देवी-देवताओं और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियों का मुद्दा उठाते हुए ऐसी घटनाओं में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। विधानसभा स्तर पर नियुक्त होंगे प्रभारी, बनाई जाएंगी जागरण कमेटियां संजीव घनौली ने कहा कि हिंदू समाज की समस्याओं का स्थायी समाधान तभी संभव है जब समाज राजनीतिक रूप से एकजुट होगा। इस दिशा में कदम उठाते हुए शिव सेना पंजाब राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की नियुक्ति करेगी। इसके अलावा, स्थानीय स्तर पर जागरण कमेटियों का गठन किया जाएगा और विभिन्न धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं तथा बुजुर्गों को एक ही मंच पर लाया जाएगा। आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलान बैठक में बड़ा राजनीतिक निर्णय लेते हुए घोषणा की गई कि शिव सेना पंजाब आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य के हिंदू बहुल क्षेत्रों से अपने उम्मीदवार मैदान में उतारेगी। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि इसका मुख्य उद्देश्य लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से हिंदू समाज के अधिकारों, सुरक्षा और मांगों की आवाज को मजबूती से उठाना है।
Source link
शिव सेना पंजाब में चुनाव की तैयारी में:विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त कर चुनाव में उतारेगी उम्मीदवार
