Headlines

डीपीएस बोकारो की बेटियों ने जीता जोन-4 इंटर बास्केटबॉल खिताब




सिटी रिपोर्टर | बोकारो डीपीएस बोकारो की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जोन-4 इंटर डीपीएस बास्केटबॉल टूर्नामेंट (ओपन) का खिताब अपने नाम कर लिया। गयाजी (बिहार) स्थित डीपीएस में 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में बोकारो की टीम ने मेजबान डीपीएस गया को 39-24 अंकों से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। इस जीत के साथ टीम ने 13-14 दिसंबर 2026 को डीपीएस मेगासिटी, कोलकाता में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की इंटर डीपीएस बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए भी क्वालिफाई कर लिया। डीपीएस सोसाइटी के तत्वावधान में हुई प्रतियोगिता में झारखंड, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मणिपुर, पश्चिम बंगाल और असम की टीमों के 84 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में बोकारो की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक और संतुलित रणनीति अपनाते हुए मेजबान टीम पर दबाव बनाए रखा। डीपीएस गयाजी दूसरे और डीपीएस रांची तीसरे स्थान पर रहा। मुख्य अतिथि एसएसबी 29वीं वाहिनी के कमांडेंट कुणाल ने विजेता टीम को ट्रॉफी, स्वर्ण पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान किए। विजेता टीम में त्रिनयोना, किया कोरल सिंह, अन्वेषा शर्मा, तान्या सिंह, सौम्या प्रकाश, सौम्या जैन, आनिका आनंद, परिना पांडा, सानवी शेखर और शगुन शामिल थीं। मंगलवार को बोकारो लौटने पर विद्यालय में खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार ने पूरी टीम और प्रशिक्षकों को बधाई दी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *