Headlines

देवास के बाद प्रदेशभर में पटवारियों पर एक्शन:स्वामित्व योजना में रजिस्ट्री नहीं करने पर निलंबन-बर्खास्तगी, संघ बोला-कार्रवाई नहीं रुकी तो काम नहीं करेंगे




देवास में दो प्रोबेशनर पटवारियों की सेवा समाप्ति के बाद अब प्रदेश के अन्य जिलों में भी पटवारियों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। आगर मालवा में तीन पटवारियों को बर्खास्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। गुना में चार पटवारियों को निलंबित कर जिले के सभी 52 पटवारियों को सेवा समाप्ति का नोटिस दिया गया है। सतना में भी एक पटवारी को निलंबित किया गया है। कार्रवाई के विरोध में मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने प्रदेशभर में कलेक्टरों को ज्ञापन देने और ऑनलाइन राजस्व कार्यों से अलग रहने का ऐलान किया है। 7 अक्टूबर से ऑनलाइन राजस्व काम से अलग रहेंगे पटवारी मप्र पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र बघेल ने बताया कि सीधी में संघ के पदाधिकारियों के साथ पटवारियों के खिलाफ सेवा समाप्ति, निलंबन और अन्य दंडात्मक कार्रवाई के विरोध में ज्ञापन सौंपा गया है। संघ ने प्रमुख सचिव, राजस्व विभाग और कलेक्टर सीधी को पत्र भेजकर कार्रवाई वापस लेने की मांग की है। संघ के अनुसार, प्रदेश संगठन के निर्णय के तहत 7 अक्टूबर 2026 से पटवारी संवर्ग ऑनलाइन राजस्व कार्यों से अलग रहेगा। पटवारी सभी शासकीय समूहों से भी बाहर रहेंगे। संघ का कहना है कि यह निर्णय दंडात्मक कार्रवाई वापस लिए जाने तक जारी रहेगा। स्वामित्व योजना के काम को लेकर कार्रवाई का विरोध पटवारी संघ ने कहा कि देवास में ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026’ सहित अन्य कार्यों को आधार बनाकर पटवारियों की सेवा समाप्त की जा रही है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी निलंबन और दूसरी दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। संघ का कहना है कि स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन से जुड़ी विधिक और व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी शासन को पहले ही दी जा चुकी है। इसके बावजूद कार्रवाई किया जाना चिंताजनक है। गुना में 4 सस्पेंड, 52 को टर्मिनेशन नोटिस गुना कलेक्टर किशोर कान्याल ने बताया कि जिले में चार पटवारियों को सस्पेंड किया गया है। वहीं शासकीय कार्य नहीं करने के मामले में सभी 52 पटवारियों को सेवा समाप्ति का नोटिस दिया गया है। पटवारी संघ के पदाधिकारियों के मुताबिक देवास में दो और आगर मालवा में तीन पटवारियों की बर्खास्तगी की जानकारी मिली है। इससे पहले स्वामित्व योजना में निष्पादक की भूमिका का विरोध करने पर रायसेन और मंडला में भी पटवारियों पर कार्रवाई सामने आ चुकी है। कार्रवाई हुई तो बिना सूचना राजस्व काम छोड़ने की चेतावनी पटवारी संघ ने चेतावनी दी है कि भविष्य में प्रदेश के किसी भी जिले में पटवारियों के खिलाफ इसी तरह की दंडात्मक कार्रवाई हुई तो सभी पटवारी बिना पूर्व सूचना के सभी राजस्व कार्यों से अलग होने के लिए बाध्य होंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *