फरीदाबाद15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के पास रखी कुर्सी पर जिला महांत्री शोभित को बैठने से रोकते हुए।
हरियाणा के फरीदाबाद में बुधवार को आयोजित भाजपा के ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल अपने पास रखी एक कुर्सी पर जिला महामंत्री शोभित को बैठने से रोकते हुए नजर आ रहे हैं।
खास बात यह है कि बड़खल से विधायक धनेश अदलखा ने हाथ से इशारा करके शोभित को उस कुर्सी पर बैठने के लिए बुलाया था। अदलखा मंत्री गोयल के ठीक बगल (बराबर) में बैठे थे। मगर, जब मंत्री ने शोभित को बैठने से मना कर दिया, तो अदलखा उनसे बातचीत करते नजर आए। इस बातचीत के बाद शोभित वहां से चले जाते हैं।
इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय संगठन और नेताओं के बीच गुटबाजी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। शोभित को विधायक धनेश अदलखा का करीबी माना जाता है, जबकि अदलखा की केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के साथ नजदीकी की चर्चा होती रही है।
चार PHOTO में समझिए पूरा घटनाक्रम

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और विधायक धनेश अदलखा के बीच कुर्सी रखता एक कर्मचारी।

जिला महामंत्री शोभित को हाथ से इशारा करके कुर्सी पर बैठने के लिए बुलाते हुए विधायक धनेश अदलखा।

शोभित के आने के बाद मंत्री गोयल उन्हें कुर्सी पर बैठने से रोकते हुए।

इसे लेकर विधायक और मंत्री में बातचीत भी होती है। इस बातचीत के बाद शोभित वहां से चले जाते है।
वीडियो में क्या दिख रहा, सिलसिलेवार जानिए…
- कई बड़े नेताओं की मौजूदगी में हुआ घटनाक्रम: बुधवार को सेक्टर-15 स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल एक ही सोफे पर बैठे थे। उनके साथ वाले सोफे पर बड़खल से विधायक धनेश अदलखा और मेयर परवीन बतरा मौजूद थीं। इसी दौरान मंत्री गोयल ने अपने स्टाफ से अपने पास किसी व्यक्ति के बैठने के लिए एक कुर्सी मंगवाई।
- मंत्री ने जिला महामंत्री को कुर्सी पर बैठने से रोका: कुर्सी आने के बाद विधायक धनेश अदलखा ने पास खड़े जिला महामंत्री शोभित को इशारा करके वहां आने के लिए कहा। शोभित विधायक के बुलावे पर कुर्सी के पास पहुंचे, लेकिन इसी दौरान मंत्री विपुल गोयल ने उन्हें उस पर बैठने से मना करने का इशारा कर दिया। इसके बाद शोभित कुर्सी पर न बैठकर दूसरी तरफ चले गए।
- विधायक और मंत्री के बीच हुई बातचीत: वीडियो में विधायक अदलखा और मंत्री गोयल के बीच कुछ बातचीत होती भी दिखाई दे रही है। हालांकि, दूरी अधिक होने के कारण दोनों के बीच क्या बात हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। इसके बाद शोभित वहां से दूसरी ओर चले गए और बाद में वह कुर्सी भी वहां से हटा दी गई।
- जिला अध्यक्ष के लिए कुर्सी मंगाने की भी चर्चा: कार्यक्रम से जुड़े कुछ लोगों का दावा है कि वह कुर्सी जिला अध्यक्ष के बैठने के लिए मंगवाई गई थी। हालांकि, वायरल वीडियो से कुर्सी मंगाने का वास्तविक कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं होता है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर इस वीडियो को अलग-अलग राजनीतिक कोण (नज़रिए) से देखा और प्रसारित किया जा रहा है।
शोभित बोले- वीडियो का गलत मतलब निकाला जा रहा
मामले में जिला महामंत्री शोभित ने कुर्सी को लेकर किसी भी विवाद से इनकार किया है। उनका कहना है कि विधायक धनेश अदलखा ने उन्हें बुलाया था और मंत्री विपुल गोयल उन्हें बस कुछ बात बता रहे थे। उन्होंने कहा कि वीडियो को कुछ लोग गलत तरीके से पेश कर रहे हैं।
शोभित को जुलाई 2025 में भाजपा का जिला महामंत्री बनाया गया था। इससे पहले भी वह संगठन में कई पदों पर रह चुके हैं। उनका परिवार लंबे समय से भाजपा से जुड़ा हुआ बताया जाता है। उनके पिता वर्ष 2010 में भाजपा के टिकट पर पार्षद का चुनाव भी लड़ चुके हैं।

——————–
ये खबर भी पढ़ें… दीपेंद्र हुड्डा की टिप्पणी पर विपुल गोयल का पलटवार:फरीदाबाद में निकाय मंत्री बोले- पहले अपने अंदर झांके, कांग्रेस को सिर्फ कुर्सी चाहिए

फरीदाबाद में सीएम नायब सिंह सैनी पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा की टिप्पणी को लेकर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने पलटवार किया है। गोयल ने कहा कि हुड्डा को सीएम पर टिप्पणी करने से पहले अपने अंदर झांकना चाहिए। (पूरी खबर पढ़ें)

