![]()
पंजाब में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा व पीएम मोदी के खिलाफ पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया। आप ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार द्वारा केंद्रीय जांच एजेंसियों का कथित राजनीतिक दुरुपयोग कर पंजाब में छापेमारी की है। पटियाला, अमृतसर, लुधियाना और बरनाला में पार्टी के मंत्रियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। आप नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्षी सरकारों पर दबाव बनाने और मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार को बदनाम करने के लिए इन एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। डॉ. बलबीर सिंह बोले- रेड में कुछ नहीं मिला, यह सिर्फ एक ड्रामा है स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने अमृतसर में प्रदर्शन की अगुवाई करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार को नीचा दिखाने के लिए सीबीआई ने 8 ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन हाथ पूरी तरह खाली रहे। उन्होंने सवाल उठाया कि हरियाणा में हुए 650 करोड़ रुपये के कथित घोटाले पर एजेंसियां चुप क्यों हैं? यह सारा ड्रामा भाजपा खुद पर उठ रहे सवालों से ध्यान भटकाने के लिए कर रही है। सासंद मीत हेयर का तंज- भाजपा के पास चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार तक नहीं बरनाला में प्रदर्शन के दौरान सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि भाजपा चुनाव से ठीक पहले विरोधियों को दबाने के लिए ईडी और सीबीआई को अपनी पार्टी विंग की तरह इस्तेमाल करती है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा के पास पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार भी नहीं हैं। वोट एजेंसियों को नहीं, बल्कि पंजाब की जनता को देने हैं और पंजाबी किसी भी दबाव या गुंडागर्दी के आगे नहीं झुकेंगे। जीवनजोत कौर और दलजीत सिंह भोला ने भी साधा निशाना अमृतसर में विधायक जीवनजोत कौर ने कहा कि भाजपा भगवंत मान सरकार के विकास कार्यों का राजनीतिक मुकाबला नहीं कर पा रही है, इसलिए एजेंसियों के जरिए डर का माहौल बनाया जा रहा है। वहीं, लुधियाना ईस्ट से विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल ने कहा कि कांग्रेस और अकाली दल के साथ मिलकर आप को रोकने की साजिश रची जा रही है, लेकिन पंजाब का इतिहास गवाह है कि यहां के लोग जुल्म और धक्केशाही के आगे कभी नहीं झुके। आप नेताओं ने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार जनता की भलाई और विकास के पथ पर लगातार अग्रसर रहेगी और ऐसे हथकंडों से डरने वाली नहीं है।
Source link
AAP ने फूंका पीएम मोदी का पुतला:ईडी-सीबीआई के दुरुपयोग का लगाया आरोप, वर्करों का पंजाब में जोरदार प्रदर्शन
