![]()
सुल्तानपुर के दियरा सब स्टेशन परिसर से तीन खराब 3 एमवीए ट्रांसफार्मरों की कोर और वाइंडिंग (कॉइल) चोरी हो गई। ये ट्रांसफार्मर कई साल से परिसर में रखे थे। प्रत्येक कॉइल की कीमत 10 से 15 लाख रुपए बताई जा रही है। बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जांच शुरू की और पुलिस को सूचना दी। शाम 5:30 बजे तक यहां जांच चली है। अधिशासी अभियंता संजय कुमार यादव, एसडीओ मनोज कुमार यादव और जेई मोहम्मद अरशद ने मौके पर पहुंचकर जांच की। तीनों ट्रांसफार्मरों के अंदर की कोर और वाइंडिंग गायब मिली। जानकारों के अनुसार, एक 3 एमवीए ट्रांसफार्मर में 12 से 18 क्विंटल शुद्ध कॉपर होता है, जिसकी कीमत ₹700 प्रति किलोग्राम से ज्यादा है। अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि कॉइल निकालने का तरीका देखकर किसी जानकार व्यक्ति के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने विभागीय अधिकारी या कर्मचारी की मिलीभगत से भी इनकार नहीं किया। जेई को अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार सिंह ने कहा कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार विद्युत उपकेंद्रों पर इस्तेमाल होने वाले 3 एमवीए के पावर ट्रांसफार्मर में लगने वाली कोर और बाइंडिंग (कॉइल) की कीमत मुख्य रूप से कॉपर (तांबे) के वजन और मौजूदा बाजार भाव पर निर्भर करती है। इस प्रकार के बड़े ट्रांसफार्मर के लिए केवल कॉइल की अनुमानित कीमत 10 से 15 लाख रुपये के बीच होती है। कंडक्टर मटेरियल उपकेंद्रों के ट्रांसफार्मर में कॉपर कॉइल का ही उपयोग किया जाता है। चूंकि कॉपर काफी महंगा होता है, इसलिए कॉइल की लागत सबसे ज्यादा होती है।
Source link
सुल्तानपुर में 3 निष्प्रयोज्य ट्रांसफार्मरों से कॉइल चोरी:सब स्टेशन में कई साल से रखे थे ट्रांसफार्मर, जांच शुरू
