Headlines

चंडीगढ़ सेक्टर-26 मंडी में प्रशासक का औचक निरीक्षण:गंदगी-बदहाल सड़कों पर अफसरों को लगाई फटकार; गैरहाजिर कर्मचारियों पर कार्रवाई




चंडीगढ़ सेक्टर-26 स्थित मंडी की बदहाल व्यवस्था को लेकर प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने अधिकारियों को फटकार लगाई। गुरुवार को प्रशासक ने मंडी का औचक निरीक्षण किया और सड़कों, सीवरेज और सफाई की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम को मंडी में बुनियादी सुविधाएं सुधारने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। प्रशासक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में देरी नहीं होनी चाहिए और मंडी की बुनियादी सुविधाओं को जल्द सुधारा जाए। डेढ़ साल में यह प्रशासक का मंडी का चौथा दौरा था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति भी देखी। शौचालयों में सफाई और रखरखाव ठीक नहीं मिलने पर नगर निगम को इनके बेहतर रखरखाव और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासक ने मंडी में मौजूद मार्केट कमेटी के कार्यालय का भी निरीक्षण किया। यह कार्यालय फिलहाल एक निजी इमारत में चल रहा है। उन्होंने मंडी में तैनात कर्मचारियों की हाजिरी चेक की। जिन कर्मचारियों के ड्यूटी पर देर से पहुंचने या बिना अनुमति गैरहाजिर रहने की जानकारी मिली, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रशासक ने कहा कि जो कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा रहे हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। काम नहीं करने वाले आउटसोर्स कर्मचारी हटेंगे प्रशासक ने मंडी में तैनात आउटसोर्स कर्मचारियों के कामकाज की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जो आउटसोर्स कर्मचारी काम ठीक से नहीं कर रहे हैं, उन्हें बदला जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मंडी जैसी सार्वजनिक जगह पर कर्मचारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए और लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रशासक ने मंडी की सड़कों की री-कारपेटिंग और सीवरेज से जुड़े काम तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने यूटी चंडीगढ़ के चीफ इंजीनियर सीबी ओझा से इंजीनियरिंग विभाग की ओर से मंडी में किए जा रहे विकास कार्यों और अब तक की कार्रवाई की जानकारी मांगी। DC और मार्केटिंग बोर्ड के सचिव को मौके पर बुलाया निरीक्षण के दौरान प्रशासक ने डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव और मार्केटिंग बोर्ड के सचिव डी. कार्तिकेयन को भी मौके पर बुलाया। उन्होंने अधिकारियों के साथ मंडी की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों को लेकर जानकारी ली। प्रशासक के दौरे के दौरान मुख्य तौर पर सफाई, शौचालय, सड़क, सीवरेज और कर्मचारियों की जवाबदेही सुधारने पर जोर दिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *