![]()
वाराणसी को स्वच्छ और नियमानुसार व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के सख्त निर्देशों के बाद गुरुवार को नगर निगम की संयुक्त टीम ने अंधरापुल क्षेत्र में संचालित हो रही मीट की दुकानों के खिलाफ एक व्यापक और ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान चलाया। इस औचक कार्रवाई से पूरे इलाके के मांस विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान सरकारी मानकों और स्वच्छता नियमों का सरेआम उल्लंघन करने वाली 8 मीट दुकानों के खिलाफ चालान की सख्त कार्रवाई की गई और उनसे कुल 6,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। बिना पर्दे के बिक रहा था मांस
वरुणापार जोन के जोनल अधिकारी जितेंद्र आनंद ने बताया अंधरापुल क्षेत्र में औचक निरीक्षण के दौरान टीम को कई गंभीर अनियमितताएं देखने को मिलीं। कई स्थायी और पुरानी मीट दुकानों पर शासन द्वारा तय मानकों और नियमों के अनुसार पर्दा नहीं लगाया गया था। दुकानें इस कदर खुली थीं कि बाहर सड़क से ही मांस साफ तौर पर दिखाई दे रहा था। जो कि नियमों का सीधा उल्लंघन है। इसके अलावा, चेकिंग टीम ने पाया कि इन दुकानों के ठीक आसपास और कचरा निस्तारण के स्थानों पर भारी गंदगी पसरी हुई थी। दुकानों से निकलने वाले अपशिष्टों को सही तरीके से डिस्पोज नहीं किया जा रहा था, जिससे इलाके में संक्रामक बीमारियों के फैलने और दुर्गंध का खतरा बना हुआ था। वरुणापार जोन के अधिकारियों के नेतृत्व में हुई बड़ी घेराबंदी
उन्होंने बताया – मौके पर मौजूद पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ विजय अमृतराज के निर्देश पर जांच हुई। टीम के अधिकारियों ने पुलिस बल और प्रवर्तन दल के जवानों के साथ अंधरापुल के चप्पे-चप्पे पर दुकानों की जांच की। इस दौरान अधिकारियों ने न सिर्फ 8 दुकानों का 6 हजार का चालान काटा, बल्कि दुकानदारों को सख्त चेतावनी भी दी कि अगर दोबारा ऐसी लापरवाही या नियमों की अनदेखी पाई गई, तो दुकानों को सील करने और लाइसेंस निरस्त करने की विधिक कार्रवाई की जाएगी। जानिए शहर में मीट बेचने के क्या हैं नियम
कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ विजय अमृतराज ने बताया कि शहर में मीट की दुकानों को संचालित करने के लिए बेहद स्पष्ट और कड़े नियम बनाए गए हैं। दुकानों को चारों तरफ से ढक कर रखना और पारदर्शी शीशा या पर्दा लगाना अनिवार्य है ताकि बाहर से मांस प्रदर्शित न हो। इसके साथ ही स्वच्छता बनाए रखना दुकानदारों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वाराणसी शहर में पूर्ण स्वच्छता और सरकारी नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के लिए यह औचक चेकिंग अभियान आगे भी बिना किसी ढिलाई के लगातार जारी रहेगा।
Source link
खुले में मीट बेचने पर वाराणसी नगर-निगम सख्त, 6000 जुर्माना:अंधरापुल में की बड़ी कार्रवाई, 8 दुकानों को जुर्माने के साथ हिदायत, जारी रहेगा अभियान
