![]()
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट उपमंडल के दियोली गांव में दिनदिहाड़े झपटमारी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्वां नदी के पास अपने खेतों की ओर पैदल जा रही 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला से नीले रंग की स्कूटी पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने सोने की बालियां झपट लीं और मौके से फरार हो गए। पीड़ित महिला त्रिशला देवी (63) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने खेतों में काम करने जा रही थीं। रास्ते में नीले रंग की स्कूटी पर दो अज्ञात युवक उनके पास आकर रुके। उन्होंने झांसा देने के लिए महिला से गांव के ही ‘विशाल’ नामक व्यक्ति का घर पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। जैसे ही महिला उनका जवाब देने लगी, स्कूटी पर पीछे बैठे युवक ने अचानक झपट्टा मारकर उनके दोनों कानों से सोने की बालियां खींच लीं। झटके के कारण महिला संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिर पड़ीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेजी से स्कूटी भगाकर मौके से फरार हो गए। शादी के समय की थीं 4-5 ग्राम वजन की बालियां पीड़िता के अनुसार, छीनी गई सोने की बालियां उनकी शादी के समय की थीं, जिनका वजन करीब 4 से 5 ग्राम था। अचानक हुए इस हमले के कारण वह स्कूटी का रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं देख सकीं और न ही बदमाशों को पहचानने में सक्षम थीं। पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच गगरेट पुलिस स्टेशन के हेड कांस्टेबल सचिन ठाकुर कर रहे हैं। पुलिस आसपास की दुकानों, मुख्य सड़कों और स्वां नदी क्षेत्र की ओर जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि नीले रंग की स्कूटी और संदिग्ध युवकों का सुराग लगाया जा सके।
Source link
अंब में खेत जा रही बुजुर्ग महिला से लूट:स्कूटी सवार दो युवक बाली छीन कर फरार, पुलिस तलाश में जुटी
