![]()
सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र के हिरवाह गांव में शुक्रवार सुबह पड़ोसी युवक ने एक परिवार के तीन सदस्यों पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में पति, पत्नी और उसकी मां घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर बैढ़न में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पत्नी के बारे में पूछने पहुंचा था आरोपी पुलिस को दी शिकायत में हिरवाह निवासी राम अधीन साकेत (25) ने बताया कि वह अपनी पत्नी कुशलता साकेत और मां मानमती साकेत के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान गांव का राहुल साकेत उनके घर पहुंचा और उसकी पत्नी के बारे में पूछताछ करने लगा। शिकायत के मुताबिक, पत्नी के बारे में पूछताछ का विरोध करने पर राहुल साकेत ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद उसने चाकू निकालकर राम अधीन साकेत के कंधे पर वार कर दिया। पति को बचाने पहुंची पत्नी कुशलता साकेत पर भी चाकू से हमला किया गया। बीच-बचाव करने आईं मां मानमती साकेत के हाथ पर भी चाकू से वार कर उन्हें घायल कर दिया गया। ग्रामीणों ने बचाया, आरोपी ने दी धमकी राम अधीन साकेत के मुताबिक, शोर सुनकर गांव के रामलखन साकेत और मुकेश साकेत मौके पर पहुंचे। दोनों ने बीच-बचाव कर घायल परिवार को हमलावर से बचाया। आरोप है कि घटना के बाद राहुल साकेत ने दोबारा सामने आने पर जान से मारने की धमकी भी दी। बैढ़न थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। उसे जल्द गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
Source link
सिंगरौली में पति-पत्नी समेत तीन पर चाकूबाजी:हिरवाह गांव में पड़ोसी युवक ने परिवार पर किया हमला; आरोपी फरार
