Headlines

जशपुर में 67 गौवंशों से भरा कंटेनर पकड़ाया,2 की मौत:छत्तीसगढ़ से झारखंड ले जा रहे थे, रेकी करने वाली कार भी जब्त, ड्राइवर गिरफ्तार




जशपुर जिले में पुलिस ने गौवंशों से भरा कंटेनर ट्रक पकड़ा है। ट्रक में 67 गौवंश ठूंस-ठूंसकर भरे गए थे, जिनमें से दो की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने झारखंड के गुमला के रहने वाले ट्रक ड्राइवर रेहान अंसारी (34) को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी के रास्ते की रेकी करने में इस्तेमाल की जा रही मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार भी जब्त की है। पुलिस को इस मामले में अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली है। उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने यह कार्रवाई 10 अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 बजे ऑपरेशन शंखनाद के तहत ग्राम खंटाडांड़ में की। यह मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी पुलिस को सूचना मिली थी कि कंटेनर ट्रक क्रमांक NL-01-AB-7655 में बड़ी संख्या में गौवंश भरकर अंबिकापुर से बगीचा के रास्ते झारखंड ले जाए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने ग्राम पेटा में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर वहां पहुंचा। पुलिस को देखकर चालक वाहन रोकने के बजाय दूसरे रास्ते से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया और ग्राम खंटाडांड़ में कंटेनर को रोक लिया। तलाशी लेने पर उसमें 67 गौवंश मिले। इनमें से दो की मौत हो चुकी थी। ड्राइवर के पास नहीं थे वैध दस्तावेज पूछताछ में चालक ने अपना नाम रेहान अंसारी, निवासी ग्राम सिसई, जिला गुमला, झारखंड बताया। पुलिस ने गौवंशों के परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने सभी गौवंशों को कंटेनर से बाहर निकलवाया और पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मृत गौवंशों का विधिवत अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने कंटेनर जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। तस्करी के रास्ते की रेकी कर रही थी कार पुलिस ने इस मामले में मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार क्रमांक JH-01-BR-9492 भी जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, इस कार का इस्तेमाल तस्करी के लिए रास्ते की रेकी करने में किया जा रहा था। कार से जुड़ा आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी पहचान कर तलाश कर रही है। पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के शामिल होने के संकेत मिले हैं। पुलिस अब उनकी पहचान करने में जुटी है। अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज पुलिस ने आरोपी रेहान अंसारी के खिलाफ बगीचा थाने में अपराध क्रमांक 264/26 दर्ज किया है। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 325 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है। इस साल अब तक 1108 गौवंश मुक्त कराए जशपुर पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन शंखनाद के तहत जनवरी 2026 से अब तक गौवंश तस्करी के 98 मामलों में कार्रवाई की गई है। इस दौरान 1108 गौवंशों को मुक्त कराया गया और 131 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 36 वाहन जब्त किए गए हैं। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इस मामले में कंटेनर ट्रक और रास्ते की रेकी करने वाली कार जब्त की गई है। तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *