![]()
खगड़िया शहर के बलुआही पटेल नगर वार्ड संख्या-19 में गुरुवार देर शाम एक मकान से 12 कोबरा सांप निकले। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों के रेस्क्यू अभियान के बाद सभी सांपों को सुरक्षित पकड़ लिया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। यह मकान सीपीआई नेता रमेश चौधरी का है। घटना के समय रमेश चौधरी किसी आवश्यक कार्य से भागलपुर गए हुए थे। घर में मौजूद बच्चों ने सांपों को निकलते देखा और तुरंत रमेश चौधरी को सूचित किया। इसके बाद उन्होंने वन विभाग को घटना की जानकारी दी। घर के अलग-अलग हिस्सों से 12 सांप मिले रेंजर राज कुमार के निर्देश पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम, जिसमें शिवचंद्र कुमार, सुनील कुमार और शिवानी कुमारी शामिल थे, आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने पहले घर और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया, फिर सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान घर के विभिन्न हिस्सों से कुल 12 कोबरा सांपों को पकड़ा गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए थे। वन विभाग के कर्मचारियों ने भीड़ को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। पकड़े गए सभी सांपों को सुरक्षित कंटेनरों में रखा गया। रेंजर ने सफलतापूर्वक किया रेस्क्यू वन विभाग के रेंजर राज कुमार ने बताया कि 12 कोबरा सांपों का रेस्क्यू सफलतापूर्वक किया गया है। हालांकि, मकान की पूरी तरह तलाशी अभी भी जारी है, क्योंकि घर में और सांप छिपे होने की आशंका है। उन्होंने यह भी बताया कि पकड़े गए सभी सांपों को नियमानुसार उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा। इस घटना के बाद पूरे पटेल नगर इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ही घर से इतनी बड़ी संख्या में जहरीले कोबरा सांप निकलना बेहद चौंकाने वाली घटना है। वहीं वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि घर या आसपास कहीं सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया जा सके।
Source link
खगड़िया में घर से निकले 12 कोबरा सांप:वन विभाग ने घंटों रेस्क्यू कर पकड़ा, मकान की तलाशी जारी
