![]()
डूंगरपुर के दोवड़ा थाना क्षेत्र के पुनाली में शनिवार शाम तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार रिटायर्ड एएसआई मानसिंह शक्तावत (62) की मौत हो गई। वे बटिकड़ा से पुनाली की ओर जा रहे थे। टक्कर लगने से उनके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर कार और उसके ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। दो साल पहले हुए थे रिटायर दोवड़ा थाना पुलिस के अनुसार, गेहूंवाड़ा निवासी योगेंद्र सिंह शक्तावत ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि उनके पिता मानसिंह शक्तावत पुलिस विभाग में एएसआई के पद पर कार्यरत थे और करीब दो साल पहले सेवानिवृत्त हुए थे। शनिवार शाम को वे बाइक लेकर बटिकड़ा से पुनाली की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उदयपुर नंबर की एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। राहगीरों ने दी परिजनों को सूचना टक्कर लगने से मानसिंह शक्तावत गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहां मौजूद राकेश जैन और देवेंद्र पाल सिंह ने घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल मानसिंह को डूंगरपुर अस्पताल लेकर गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया डूंगरपुर अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद मानसिंह शक्तावत को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे की जांच करने के साथ फरार कार ड्राइवर की तलाश में जुटी है।
Source link
तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार रिटायर्ड ASI को रौंदा:हादसे के बाद कार ड्राइवर फरार, पुलिस कर रही तलाश
