Headlines

हाथियों के डर से बच्चों को हॉस्टल से भेजा घर:पसान में 52 हाथियों का दल रातभर पहरा दे रहे ग्रामीण एक ने छानी पर चढ़ाई खाट




कोरबा के कटघोरा वन मंडल के पसान क्षेत्र में 52 हाथियों के दल की मौजूदगी से ग्रामीण दहशत में हैं। हाथियों का खौफ अब बच्चों की पढ़ाई से लेकर ग्रामीणों की रातों की नींद तक छीन रहा है। हाथियों का दल तेलियामार के आसपास विचरण कर रहा है। वहीं, एक दंतैल हाथी झुंड से अलग घूम रहा है, जिससे सबसे ज्यादा नुकसान होने की बात सामने आई है। सुरक्षा के चलते हॉस्टल के बच्चों को भेजा घर हाथियों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए तेलियामार स्थित दीपक मिशन स्कूल प्रबंधन ने हॉस्टल में रह रहे बच्चों को छुट्टी देकर घर भेज दिया है। तीन दिन पहले ही हाथियों के झुंड ने स्कूल के हॉस्टल परिसर में घुसकर दीवार तोड़ दी थी। हाथियों ने बगीचे को तहस-नहस करने के साथ एक किसान के मकान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस घटना के बाद से बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। रातभर जागकर घर और खेतों की रखवाली गांव में हालात ऐसे हैं कि ग्रामीण अपने घर और खेत बचाने के लिए रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं। कोई घर की छानी में चारपाई डालकर सोने को मजबूर है, तो कोई हाथियों की आहट पर नजर रखने के लिए पूरी रात जाग रहा है। ग्रामीण खेलन सिंह ने हाथियों के डर से अपनी खाट घर की छानी के ऊपर चढ़ा दी है। उनका कहना है कि हाथी आने की स्थिति में ऊपर चढ़कर जान बचाई जा सके। सुरक्षा की मांग लेकर थाने पहुंचे ग्रामीण हाथियों से सुरक्षा की मांग को लेकर रविवार को ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने पसान थाने में बैठक कर अपनी परेशानी रखी। पसान थाना प्रभारी ने प्रभावित क्षेत्र के लोगों को सतर्क रहने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की समझाइश दी। उन्होंने लोगों से कहा कि हाथियों के करीब न जाएं और बच्चों को अकेले न छोड़ें। वन विभाग की निगरानी, नुकसान के सर्वे का आश्वासन वन विभाग की टीम लगातार हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर नजर रख रही है। ग्रामीणों को हाथियों के पास जाने से रोका जा रहा है। आसपास के कई गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सूचना दी गई है। वन विभाग के मुताबिक, हाथियों के कारण जिन किसानों की फसल और मकानों को नुकसान हुआ है, उनका सर्वे कराया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने निगरानी बढ़ाने की मांग की लगातार हाथियों की मौजूदगी से परेशान ग्रामीणों की मांग है कि वन विभाग क्षेत्र में निगरानी बढ़ाए और समय पर सुरक्षा व सूचना की व्यवस्था करे। फिलहाल हाथियों के डर से गांव के लोग सतर्कता बरतते हुए रात गुजारने को मजबूर हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *