Headlines

Bastar Police Cricket League 2026


पुलिस लाइन कोंडागांव में 8 से 10 अक्टूबर तक हुई प्रतियोगिता

जंगलों में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करने वाले बस्तर संभाग के पुलिस जवानों ने क्रिकेट के मैदान पर भी अपनी प्रतिभा दिखाई। पुलिस लाइन कोंडागांव में 8 से 10 अक्टूबर तक आयोजित तीन दिवसीय बस्तर पुलिस क्रिकेट लीग-2026 में कांकेर की टीम ने खिताब अपन

.

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा (IPS) के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में बस्तर रेंज के सात जिलों बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा की पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों और जवानों में खेल भावना, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आपसी समन्वय को बढ़ावा देना था।

वन मंत्री केदार कश्यप ने किया शुभारंभ

तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ वन मंत्री केदार कश्यप ने किया। प्रतियोगिता में सातों जिलों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में अपनी प्रतिभा दिखाई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से लेकर जवानों तक ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

IG बीआर मीना ने भी संभाला बल्ला

प्रतियोगिता का प्रमुख आकर्षण बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बीआर मीना का क्रिकेट खेलना रहा। उन्होंने मैदान पर उतरकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी जरिया है। पुलिस सेवा में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करने के लिए शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक मजबूती और आपसी तालमेल भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि बस्तर रेंज के सातों जिलों के पुलिस अधिकारियों और जवानों का एक मंच पर आकर खेलना आपसी एकता, सहयोग और भाईचारे को मजबूत करता है। ऐसी प्रतियोगिताएं पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के साथ कार्यक्षमता में भी सकारात्मक योगदान देती हैं।

सेमीफाइनल में कांकेर और नारायणपुर ने दर्ज की जीत

सेमीफाइनल मुकाबलों में कांकेर और नारायणपुर की टीमों ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। पहले सेमीफाइनल में कांकेर ने कोंडागांव पुलिस टीम को हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में नारायणपुर ने सुकमा को शिकस्त दी।

इसके बाद 10 अक्टूबर को कांकेर और नारायणपुर के बीच खिताबी मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अंत में कांकेर ने जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। नारायणपुर की टीम उपविजेता रही।

लता उसेंडी और नीलकंठ टेकाम ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

प्रतियोगिता के समापन समारोह में कोंडागांव विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल और उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला।

पुलिस परिवार में एकता और समन्वय का संदेश

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने प्रतियोगिता में शामिल सभी जिलों की टीमों, वरिष्ठ अधिकारियों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद पुलिस बल को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मैदान पर विकसित होने वाली टीम भावना पुलिस सेवा में बेहतर समन्वय, नेतृत्व और सामूहिक जिम्मेदारी निभाने में भी सहायक होती है।

तीन दिवसीय बस्तर पुलिस क्रिकेट लीग ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को नियमित ड्यूटी से अलग अपनी प्रतिभा दिखाने और आपसी तालमेल मजबूत करने का अवसर दिया। प्रतियोगिता का संदेश जीत-हार से आगे बढ़कर अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, भाईचारे और पुलिस बल की एकता को मजबूत करना रहा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *