![]()
सोनीपत पुलिस कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है। पुलिस आयुक्त ममता सिंह (IPS, ADGP) के दिशा-निर्देशों के तहत रविवार (11 अक्टूबर) को थाना सदर गोहाना में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने मानवता की सेवा में बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वेच्छा से 56 यूनिट रक्त एकत्रित किया। इस रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कर्तव्य के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी प्रतिबद्ध: पुलिस आयुक्त रक्तदान के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। किसी भी आपात स्थिति में रक्तदाता द्वारा दिया गया रक्त किसी मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित होता है। उन्होंने कहा कि सोनीपत पुलिस अपनी मुख्य जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों को निभाने के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजनों से पुलिस और जनता के बीच सहयोग, संवेदनशीलता और विश्वास की भावना मजबूत होती है। पुलिस आयुक्त ने शिविर में भाग लेने वाले सभी पुलिसकर्मियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया और अन्य लोगों से भी इस प्रकार के सामाजिक व मानव सेवा के कार्यों में आगे आने की अपील की। सोनीपत पुलिस ने सभी रक्तदाताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि समाज के साझा प्रयासों से ही सेवा की भावना को और बल मिलता है।
Source link
गोहाना सदर थाना में 56 जवानों ने किया रक्तदान:पुलिस कमिश्नर ममता सिंह बोलीं- कानून-व्यवस्था के साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन जरूरी
