![]()
भास्कर न्यूज|गुमला नगर परिषद की टीम ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से चार दुकानों को पूरी तरह सील कर दिया है। इस औचक कार्रवाई से शहर के व्यापारियों और बकाएदारों में हड़कंप मच गया है। इसमें दो दुकानों को ट्रेड लाइसेंस रिन्युअल नहीं कराने पर सील किया गया है। दो दुकानों को किराया जमा नहीं करने पर सील किया गया है। इन दुकानों में सिसई रोड के दानिश इलेक्ट्रॉनिक्स और सरकार मेंस स्टूडियो को ट्रेड लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराने पर सील किया गया। वसीम रजा और नोएल तिग्गा को बकाया किराया राशि का भुगतान नहीं करने पर सील किया गया। वसीम रजा की दुकान को अत्यधिक किराया बकाया होने के कारण पहले भी सील किया गया था। इसके बाद नगर परिषद बोर्ड ने मानवीय आधार पर प्रति माह 8 हजार रुपये पुराना बकाया जमा करने की शर्त पर दुकान पुनः आवंटित की थी। इस शर्त के बावजूद उनकी ओर से नियमित किराया जमा नहीं किया जा रहा था। टीम ने कार्रवाई के क्रम में यह भी पाया कि दुकान का आवंटन वसीम रजा के नाम पर था। वहीं नोएल को पहले भी कई बार आधिकारिक नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद उनकी ओर से न तो बकाया राशि जमा की गई और न ही नगर परिषद कार्यालय आकर अपना कोई पक्ष रखा गया। मालूम हो कि उनकी दुकान पूरी तरह बंद पड़ी थी। टीम ने सभी दुकानदारों को लाइसेंस बनवाने, समय पर रिन्युअल कराने, नियमित किराया भुगतान करने को कहा है। अन्यथा उन पर भी कार्रवाई होगी। मौके पर सिटी मैनेजर मनीषा प्रियंका, सचिन स्नेही, गौरव कुमार, विक्रांत, राहुल सिंह, विवेक नंदे, राहुल कुमार, हंमंती कुमारी, रोहित उरांव, ब्रजेश कुमार व रविंद्र गोप सहित पुलिस बल था।
Source link
शहर की चार दुकानें सील, ट्रेड लाइसेंस रिन्युअल नहीं कराने व बकाए पर कार्रवाई
