Headlines

कोलकाता जाने निकले ट्रक चालक का पत्थरों पर मिला शव:सिर पर चोट के निशान; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका




आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर केएमडी अस्पताल के पास रविवार देर रात ट्रक चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। चालक का शव सड़क किनारे बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान के बाहर पत्थरों पर पड़ा था। उसके सिर में गहरी चोट थी और काफी खून बह रहा था। आंख के नीचे भी चोट का निशान मिला है। परिजनों ने हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने ट्रक के परिचालक को हिरासत में लिया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। नगला किशनलाल निवासी विजय सिंह (55) पेशे से ट्रक चालक थे। उनके बड़े बेटे मोनू के मुताबिक, रविवार शाम उनके पिता माल लेकर कोलकाता जाने की बात कहकर घर से निकले थे। उनके साथ पड़ोस में रहने वाला शेरा परिचालक के रूप में काम करता था। रात करीब 11 बजे शेरा घर पहुंचा और परिजनों को बताया कि विजय सिंह का किसी अज्ञात ट्रक से एक्सीडेंट हो गया है। घर से 500 मीटर दूर मिला शव
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो विजय सिंह का शव घर से करीब 500 मीटर दूर केएमडी अस्पताल के पास पत्थरों पर पड़ा मिला। उनके माथे की बाईं तरफ गहरी चोट थी। सिर से बहा खून पत्थरों के नीचे तक पहुंच गया था। आंख के नीचे भी काला निशान दिखाई दे रहा था। घटनास्थल से कुछ कदम की दूरी पर अरोड़ा पेट्रोल पंप के पास माल से लदी कैंट्रा गाड़ी खड़ी मिली। बेटे मोनू ने आशंका जताई कि उनके पिता के साथ मारपीट कर हत्या की गई हो सकती है। नशे की हालत में चौकी पहुंचा था परिचालक
पुलिस के मुताबिक, परिचालक शेरा ने टेढ़ी बगिया चौकी पर दुर्घटना की सूचना दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो विजय सिंह का शव बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान के बाहर पत्थरों पर पड़ा मिला। परिचालक भी नशे की हालत में चौकी पहुंचा था। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बताया कि विजय सिंह शराब पीने के आदी थे। सिर से काफी खून बहने के कारण प्रथम दृष्टया गंभीर चोट मौत की वजह मानी जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही होगी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
चार बेटों के पिता थे विजय सिंह
विजय सिंह के चार बेटे हैं। सबसे बड़े बेटे मोनू के बाद मनोज, नितिन और सबसे छोटा शिवम है। इनमें से तीन बेटों की शादी हो चुकी है। पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार में शोक है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *