![]()
मोगा नगर निगम के कर्मचारियों की काम छोड़ हड़ताल शुक्रवार को लगातार 10वें दिन भी जारी रही। सफाई कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर म्यूनिसिपल इंप्लाइज फेडरेशन द्वारा यह हड़ताल की जा रही है। इस दौरान कर्मचारियों ने शहर में रोष मार्च निकाला और मेजेस्टिक चौक में पंजाब सरकार का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सफाई सेवक यूनियन के प्रधान सोमनाथ चोबड़ ने संगरूर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर प्रशासन और पंजाब पुलिस की कार्रवाई की निंदा की। उन्होंने कहा कि यूनियन नेताओं को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ है। सफाई सेवक यूनियन पंजाब ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। इसी के विरोध में यूनियन के आह्वान पर पूरे पंजाब में राज्य सरकार के पुतले फूंके जा रहे हैं। चोबड़ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को जल्द स्वीकार नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी। प्रदर्शन को मिला विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों का समर्थन इस प्रदर्शन को विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों का भी समर्थन मिला। वाल्मीकि सभा मोगा की पूरी टीम के अलावा नौजवान भारत सभा के महासचिव करमजीत मानूके, किरती किसान यूनियन के पंजाब प्रधान निर्भय सिंह ढुड्डीके और पंजाब स्टूडेंट यूनियन के हरप्रीत ढुड्डीके सहित कई संगठनों के प्रतिनिधि इसमें शामिल हुए। इस अवसर पर म्यूनिसिपल इंप्लाइज फेडरेशन के प्रधान जसवीर सिंह गिल, महासचिव विक्की बोहत, चेयरमैन सिकंदर गुल्लू, मुख्य सचिव नरोतम बोहत, कोषाध्यक्ष जोगिंदर भुल्लर, सफाई सेवक यूनियन के महासचिव विश्वनाथ जोनी और चेयरमैन रजिंदर बोहत सहित विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में नगर निगम कर्मचारी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने दोहराया कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
Source link
मोगा में नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल 10वें दिन जारी:पंजाब सरकार का पुतला फूंका, यूनियन प्रधान बोले- मांगें न मानीं तो आंदोलन होगा तेज
