![]()
चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल ने कोकीन की सप्लाई और बिक्री करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राकेश कुमार उर्फ करण (34), जस्करण सिंह गिल और नाइजीरियाई नागरिक एजेपुटा चार्ल्स चिजलॉक (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से कुल 113.96 ग्राम कोकीन, तीन लग्जरी कारें और म्यूल अकाउंट का एक एसबीआई एटीएम कार्ड बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, कारें कथित तौर पर ड्रग्स के पैसों से खरीदी गई थीं। इन रुपयों को चंडीगढ़ पुलिस के डीआईजी राजीव रंजन के सुपरविजन में आपरेशन सेल के इंस्पेक्टर सतविंदर की अगुवाई वाली टीम ने गिरफ्तार किया है सेक्टर-23 मार्केट के पास पकड़ा पहला आरोपी पुलिस के मुताबिक, 4 अक्टूबर को ऑपरेशन सेल की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सेक्टर-23सी मार्केट में बूथ नंबर-5 के पास पार्किंग क्षेत्र से राकेश कुमार उर्फ करण को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 22.10 ग्राम कोकीन बरामद हुई। इस मामले में थाना-17 में एफआईआर नंबर 145, 5 अक्टूबर, 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया। राकेश कैब चलाता था, हर डिलीवरी के मिलते थे 500 रुपए
राकेश हरिश कुमार का बेटा है और पंजाब के जीरकपुर स्थित विक्टोरिया सिटी में रह रहा था। वह 12वीं पास है और रैपिडो के जरिए निजी कैब चलाता था। पुलिस के अनुसार, नशे की लत और गलत संगत के कारण वह कोकीन की सप्लाई करने लगा था। जांच में सामने आया कि जस्करण सिंह के कहने पर राकेश छोटे-छोटे पैकेट ग्राहकों तक पहुंचाता था। इसके बदले उसे हर डिलीवरी के 500 रुपए मिलते थे। भुगतान क्यूआर कोड, ऑनलाइन माध्यम और कभी-कभी नकद में किया जाता था। वह चंडीगढ़ और ट्राईसिटी क्षेत्र में क्लबों व पार्टियों में जाने वाले युवाओं तक कोकीन पहुंचाता था। देहरादून से गिरफ्तार हुआ जस्करण, कारों के कारोबार से भी जुड़ा था
राकेश से पूछताछ के दौरान पुलिस को जस्करण सिंह गिल के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर जस्करण वहां से फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा कर उसे देहरादून से गिरफ्तार किया। जस्करण चंडीगढ़ के सेक्टर-49 स्थित पुष्पक कॉम्प्लेक्स में परिवार के साथ रहता था। उसने एयरलाइंस, टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट में बीएससी की पढ़ाई की है। पुलिस के मुताबिक, ट्राईसिटी में कोकीन की मांग और अधिक मुनाफे के लालच में वह नशे के कारोबार से जुड़ा। वह कारों की खरीद-बिक्री का काम भी करता था।ॉ जांच के अनुसार, जस्करण खरड़ में रह रहे नाइजीरियाई नागरिक से कोकीन खरीदता था और राकेश के जरिए ग्राहकों तक पहुंचाता था। वह ग्राहकों से भुगतान लेने के लिए अलग-अलग क्यूआर कोड और ऑनलाइन पेमेंट प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करता था। खरड़ से पकड़ा गया नाइजीरियाई सप्लायर
पुलिस के अनुसार, जस्करण ने पूछताछ में बताया कि वह कोकीन नाइजीरियाई नागरिक एजेपुटा चार्ल्स चिजलॉक से खरीदता था। इसके बाद ऑपरेशन सेल की टीम ने उसे 6 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 70.56 ग्राम कोकीन बरामद हुई।
40 वर्षीय चार्ल्स वर्ष 2019 में मुंबई के रास्ते भारत आया था। वर्ष 2020 में वह गुरुग्राम चला गया और 2025 में पंजाब के खरड़ में रहने लगा। पुलिस के अनुसार, वह नाइजीरियाई नागरिकों के साथ अफ्रीकी खाद्य उत्पादों का कारोबार करता था। सितंबर 2025 में उसकी मुलाकात मैरी नाम की एक महिला से हुई, जिसके बाद वह कमीशन पर ग्राहकों तक कोकीन पहुंचाने लगा। पुलिस के मुताबिक, जस्करण उसका प्रमुख ग्राहक था। तीन लग्जरी कारें और एटीएम कार्ड बरामद
पुलिस ने जस्करण से 21.30 ग्राम कोकीन के अलावा एक मर्सिडीज, एक पजेरो और एक टाटा सफारी कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार, ये वाहन ड्रग्स के कारोबार से अर्जित पैसों से खरीदे गए थे। इसके अलावा म्यूल अकाउंट से जुड़ा एक SBI एटीएम कार्ड भी बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर लेन-देन में किया जाता था। पहले भी दर्ज है एनडीपीएस का मामला पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जस्करण सिंह के खिलाफ हिमाचल प्रदेश के मनाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी एक मामला दर्ज है। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, कोकीन की सप्लाई के स्रोत और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है।
Source link
चंडीगढ़ में कोकीन तस्करी में नाइजीरियाई सप्लायर समेत 3 अरेस्ट:कोकीन-3 लग्जरी कारें बरामद; क्लबों-पार्टियों में युवाओं को पहुंचाते थे नशा
