![]()
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज दिल्ली से वापस शिमला लौटेंगे। इसके बाद बुधवार को उनका लाहौल-स्पीति जिले के काजा जाने का कार्यक्रम है। काजा दौरे के चलते मुख्यमंत्री शिमला में उपलब्ध नहीं रहेंगे। दौरे के दौरान वह विभिन्न प्रोजेक्ट का उद्घाटन व शिलान्यास करने के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, वह सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। मुख्यमंत्री बुधवार सुबह करीब 9 बजे तक काजा पहुंचेंगे। यहां वह रोंगटोंग में 2 मेगावाट क्षमता के ग्रिड-कनेक्टेड सोलर पीवी पावर प्लांट का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना के साथ 1 मेगावाट-घंटा क्षमता का बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) भी स्थापित किया गया है। इससे सौर ऊर्जा के भंडारण और जरूरत के समय उसके इस्तेमाल की सुविधा मिलेगी। इसके बाद मुख्यमंत्री चिदांग तंगती से खार टेलिंग सड़क और तंजिट से हिक्किम सड़क का उद्घाटन करेंगे। काजा में वृद्ध आश्रम जाएंगे सुक्खू
मुख्यमंत्री काजा के आइस हॉकी ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह की गांव स्थित वृद्ध आश्रम (ओल्ड एज होम) जाएंगे और वहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री का रांगरिक गांव में रात्रि ठहराव प्रस्तावित है। ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत वह यहां युवक मंडलों और महिला मंडलों के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ क्षेत्र की जरूरतों और विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। ग्रामीण स्तर पर जनसंवाद प्रमुख गतिविधियां रहेंगी
कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े विषयों पर ग्रामीणों से सीधे संवाद करना है। मुख्यमंत्री का 15 अक्टूबर को शिमला लौटने का कार्यक्रम है। उनके दौरे के दौरान लाहौल-स्पीति में विकास कार्यों के उद्घाटन के साथ ग्रामीण स्तर पर जनसंवाद प्रमुख गतिविधियां रहेंगी। दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन में हुए थे शामिल
मुख्यमंत्री सुक्खू फिलहाल दिल्ली से लौट रहे हैं। वह इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन में शामिल होने गए थे। इस दौरान उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर रोक लगाने का मुद्दा उठाया। विधायक और पार्टी के अन्य नेता भी दिल्ली पहुंचे थे
सीएम के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, डिप्टी सीएम, कैबिनेट मंत्री, विधायक और पार्टी के अन्य नेता भी दिल्ली पहुंचे थे। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च किया था। दिल्ली में कार्यक्रम पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री के आज शिमला लौटने का कार्यक्रम है।
Source link
हिमाचल CM आज दिल्ली से शिमला लौटेंगे:कल काजा जाएंगे; 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम के तहत रांगरिक में रात्रि ठहराव
