भाजपा के पूर्व पार्षद और इस निकाय चुनाव में वार्ड 43 से भाजपा के प्रत्याशी जगदीश अटल व उसके दोनों बेटों सहित 8 पर FIR
अलवर निकाय चुनाव के मतदान के दिन बुधवार सुबह निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी के समर्थकों के साथ मारपीट के मामले में वैशाली नगर थाना पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी जगदीश अटल और उसके बेटों समेत 8 नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
.
पुलिस को दी रिपोर्ट में दुर्गा कॉलोनी निवासी लोकेश जांगिड़ और मोहित सैन ने आरोप लगाया कि सुबह करीब 5 बजे खुदनपुरी रोड पर दयानंद नगर स्थित कृपा निधि स्कूल के सामने जगदीश अटल और उसके साथियों ने उनकी गाड़ी का पीछा कर रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाड़ियों को उनकी गाड़ी के आगे लगाकर दोनों को घेर लिया और नीचे उतारकर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से मारपीट शुरू कर दी।
लोकेश के सिर में गंभीर चोट, हाथ में फ्रैक्चर; अस्पताल में 14 टांके लगाए
रिपोर्ट के अनुसार मारपीट में लोकेश जांगिड़ के सिर पर गंभीर चोट आई। उसके हाथ में भी फ्रैक्चर बताया गया है। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आईं। घायल लोकेश को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके सिर में 14 टांके लगाए गए। वहीं मोहित सैन ने भी आरोप लगाया कि उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई।

घायल लोकेश जांगिड़ के सिर में आई गंभीर चोट।
मोहित को गाड़ी में डालकर घर ले जाने और करीब एक घंटे तक पीटने का आरोप
मोहित ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि मारपीट के बाद जगदीश अटल और उसके साथी उसे जबरन अपनी गाड़ी में डालकर अपने घर ले गए। रास्ते में भी उसके साथ मारपीट की गई। घर पहुंचने के बाद आरोपियों ने करीब एक घंटे तक लगातार मारपीट की और धमकाया। रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने उस पर निर्दलीय वार्ड पार्षद प्रत्याशी अजय मीरवाल को बदनाम करने के लिए उसकी जेब में पैसे डालकर यह कहने का दबाव बनाया कि वह अजय मीरवाल के लिए मतदाताओं को पैसे बांट रहा था। मोहित ने ऐसा कहने से इनकार किया तो उसके साथ और मारपीट करने का आरोप लगाया है।
दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी के संबंध में वीडियो बनाने का भी आरोप
रिपोर्ट में मोहित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने कहीं से एक दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी लाकर उसके संबंध में भी उसे बयान देने के लिए मजबूर किया। आरोप है कि उससे यह कहलवाने का दबाव बनाया गया कि दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी उसी ने एक्सीडेंट की है। इसके बाद उसका वीडियो भी बनाया गया। मोहित ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने मारपीट कर उसे धमकाया और दबाव बनाया।
मोबाइल और 5 हजार रुपए छीनने का आरोप
लोकेश जांगिड़ ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसका मोबाइल फोन और 5 हजार रुपए भी छीन लिए गए। रिपोर्ट में मोबाइल के दोनों IMEI नंबर भी दर्ज कराए गए हैं। शिकायत के अनुसार मोबाइल और रुपए गुलशन अटल ने छीने।
जगदीश अटल के दोनों बेटों समेत 8 नामजद
पुलिस को दी रिपोर्ट में जगदीश अटल के साथ अजीत अटल, गुलशन अटल, अमन पुत्र चेतराम, आकाश पुत्र चेतराम, अमित पुत्र धन्नालाल निवासी दुर्गा कॉलोनी, बिंदु जांगिड़ निवासी पालका, रोहताश निवासी तरोगड़ डीग और राजवीर निवासी भीम नगर को नामजद किया गया है। शिकायत में 5 से 10 अन्य अज्ञात लोगों के भी साथ होना बताया।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं।
—
ये खबर भी पढ़ें…
