![]()
CMHO डॉ. भरत राम मीणा।
राजस्थान सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार बांसवाड़ा जिले में CMHO के रिक्त पद पर डॉ. भरत राम मीणा को चार्ज सौंपा गया है। निकाय चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले सोमवार रात चिकित्सा विभाग ने स्थानांतरण सूची जारी की थी।
.
इसमें CMHO डॉ. खुशपाल सिंह राठौड़ का जिला चिकित्सालय, बाड़मेर में वरिष्ठ विशेषज्ञ (विधि विज्ञान) के रिक्त पद पर तबादला कर दिया गया था। हालांकि, बांसवाड़ा में CMHO पद पर किसी की नियुक्ति नहीं की गई थी।
संयुक्त निदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, जोन-उदयपुर के आदेश और शासन सचिवालय, जयपुर के आदेश की अनुपालना में यह नियुक्ति की गई है। इस प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भरत राम मीणा ने शनिवार दोपहर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बांसवाड़ा के पद का कार्यभार आधिकारिक रूप से ग्रहण कर लिया।
बांसवाड़ा से कार्यमुक्त किया कार्यालय से जारी आदेशों के अनुसार, डॉ. खुशपाल सिंह राठौड़ को बांसवाड़ा से कार्यमुक्त कर दिया गया है, ताकि वे बाड़मेर में अपने नए पद पर उपस्थिति दे सकें।
वहीं, कार्यभार संभालने के बाद डॉ. भरत राम मीणा ने विभाग की आगामी और आवश्यक कार्यवाहियों को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। इस बदलाव से जिले की चिकित्सा व्यवस्था में नए प्रशासनिक समन्वय की उम्मीद जताई जा रही है।
बता दें कि डॉ. भरत राम मीणा ने अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर रहते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किए हैं। उनके कार्यकाल के दौरान जनसंख्या स्थायित्व के क्षेत्र में बांसवाड़ा जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर चार बार प्रथम पुरस्कार और एक बार द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की बदौलत बांसवाड़ा जिले ने यह गौरवशाली मुकाम हासिल किया था।
