बेगूसराय में आयकर विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। राम कृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड (RKSCPL) कंपनी के कार्यालय सहित देशभर के कई ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की है। इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की इतनी बड़ी कंपनी पर हुई इस अचानक का
.
शहर के पॉश इलाके श्रीकृष्ण नगर स्थित राम कृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन के मुख्य आवास और कार्यालय पर सुबह करीब 11 बजे आयकर विभाग की टीम ने अचानक दबिश दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक 8 गाड़ियों के काफिले में पहुंची टीम में विभाग के करीब 20 अधिकारी शामिल हैं।
कार्रवाई शुरू होते ही परिसर को सुरक्षा बलों ने पूरी तरह से अपने घेरे में ले लिया। गेट को अंदर से बंद कर दिया गया है। बाहरी व्यक्ति के अंदर जाने या अंदर मौजूद किसी भी कर्मचारी-परिजन के बाहर आने पर रोक लगा दी गई है।

देश के कई राज्यों में कंपनी का ऑफिस
सूत्रों का कहना है कि आईटी की टीम घर और दफ्तर में मौजूद तमाम महत्वपूर्ण फाइलों, कंप्यूटर की हार्ड डिस्क, लैपटॉप, डिजिटल लेन-देन के रिकॉर्ड, बैंक खातों से जुड़े दस्तावेजों को बारीकी से खंगाल रही है। जानकारी के मुताबिक आयकर विभाग का यह सर्च ऑपरेशन केवल बेगूसराय तक सीमित नहीं है।
राम कृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन का कारोबार कई राज्यों में फैला हुआ है। इसे देखते हुए विभाग की अलग-अलग टीमें कंपनी के देशभर में स्थित अन्य कार्यालयों पर भी एक साथ छापेमारी कर रही है। अभी तक आयकर विभाग के किसी भी वरिष्ठ अधिकारी की तरफ से इस छापेमारी के मूल कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
डॉक्यूमेंट्स में हेरफेर, टैक्स चोरी का आरोप
सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई टैक्स चोरी (Tax Evasion), आय से अधिक संपत्ति या वित्तीय दस्तावेजों में हेरफेर की गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। टीम विशेष रूप से सरकारी टेंडर में मिली निधियों, सब-कॉन्ट्रैक्टर्स के साथ हुए लेन-देन और बैलेंस शीट के आंकड़ों का मिलान कर रही है। फिलहाल श्रीकृष्ण नगर स्थित आवास पर भारी गहमागहमी का माहौल है।
कुछ दिन पहले ही राम कृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड (RKSCPL) के प्रोपराइटर रामकृपाल सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। जिसके बाद उनके दोनों पुत्र सुधीर कुमार सिंह एवं रंजन कुमार कंपनी का काम देख रहे हैं। हालांकि, दोनों भाई अभी कहां हैं, इस बारे में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
