![]()
तेज बारिश के बीच बुधवार (29 जुलाई) शाम सुकमा-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। सम्राटनगर के पास अचानक एक विशालकाय पेड़ सड़क से गुजर रहे पिकअप वाहन पर गिर पड़ा। हादसे में वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से चले रेस्क्यू अभियान के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। चलती पिकअप पर गिरा विशाल पेड़ जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6 बजे पिकअप वाहन क्रमांक CG 26 J 7795 सम्राटनगर क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान तेज बारिश और हवाओं के बीच सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पेड़ अचानक वाहन पर गिर गया। पेड़ गिरते ही पिकअप का बोनट पूरी तरह दब गया और चालक लखेंद्र सोढ़ी, निवासी सोढ़ीपारा (सुकमा), केबिन में फंस गया। हाइड्रा और जेसीबी की मदद से चला रेस्क्यू घटना की सूचना मिलते ही सुकमा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे की गंभीरता को देखते हुए हाइड्रा और जेसीबी मशीनें मंगाई गईं। स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। शुरुआती इलाज के बाद उसे 108 एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय सुकमा भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। प्रशासन ने हटवाया पेड़, बहाल हुआ यातायात हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार सुकमा और नगर पालिका परिषद की टीम भी मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिरे पेड़ को हटाया गया और मार्ग पर यातायात दोबारा सुचारु कराया गया। लगातार बारिश से बढ़ा खतरा जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बुधवार को सुबह से ही भारी वर्षा दर्ज की गई, जिससे अधिकांश नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और जलभराव तथा पेड़ों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस की अपील सुकमा पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि बारिश और तेज हवाओं के दौरान यात्रा करते समय पूरी सावधानी बरतें। किसी भी दुर्घटना, प्राकृतिक आपदा या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत पुलिस या आपातकालीन सेवाओं को दें, ताकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
Source link
सुकमा–जगदलपुर हाईवे में पिकअप पर गिरा विशाल पेड़:हाइड्रा-जेसीबी की मदद से केबिन में फंसे चालक को निकाल कर बचाई जान
