बिलासपुर22 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2028 की सियासी जंग भले करीब दो साल दूर है, लेकिन कांग्रेस ने अभी से चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। बिलासपुर में संभाग स्तरीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर के जरिए पार्टी ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू की है।
शिविर में PCC चीफ दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत कांग्रेस के कई बड़े नेता एक मंच पर नजर आए। शुक्रवार को पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव भी प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे।
पार्टी का फोकस इस बार चुनाव के समय संगठन खड़ा करने के बजाय पहले से जमीनी नेटवर्क तैयार करने पर है। ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण देकर उन्हें बूथ स्तर तक पार्टी की रणनीति, विचारधारा और चुनावी संदेश पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
कांग्रेस ‘बूथ मजबूत तो चुनाव मजबूत’ की रणनीति पर काम करते हुए 2028 के चुनाव के लिए अभी से संगठन तैयार कर रही है।
देखिए पहले ये तस्वीरें…

प्रशिक्षण शिविर में PCC चीफ दीपक और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए।

शिविर में छत्तीसगढ़ की सह-प्रभारी जरिता लैतफ्लांग समेत प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी हिस्सा लिया।
बड़े नेताओं ने दिया एकजुटता का संदेश
प्रशिक्षण शिविर में पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और छत्तीसगढ़ की सह-प्रभारी जरिता लैतफ्लांग समेत प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने, जनता से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष करने और आगामी चुनाव के लिए अभी से सक्रिय होने का आह्वान किया।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और PCC अध्यक्ष दीपक बैज ने संगठन में एकजुटता पर जोर दिया। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रशिक्षणार्थियों से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करने की बात कही। उन्होंने 2028 में कांग्रेस की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करने का आह्वान किया।

PCC अध्यक्ष दीपक बैज ने संगठन में एकजुटता पर जोर दिया।
सत्ता-संगठन के समन्वय से कांग्रेस के इतिहास तक प्रशिक्षण
शिविर में प्रशिक्षण के लिए अलग-अलग विषय तय किए गए हैं। पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने ‘सत्ता एवं संगठन का समन्वय, राजनीतिक दिशा एवं रणनीति’ विषय पर प्रशिक्षण दिया। युगल पांडेय ने संगठन सृजन और प्रशिक्षण की भूमिका के बारे में कार्यकर्ताओं को जानकारी दी।
मृणाल पंत ने कांग्रेस के गठन, उसके संघर्ष और देश के विकास में पार्टी के योगदान पर बात रखी। संगठन प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदु समेत अन्य वरिष्ठ नेता भी प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान अलग-अलग विषयों पर चर्चा के साथ सवाल-जवाब भी होंगे।
शिविर में शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, पूर्व विधायक शैलेष पांडेय, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पार्टी का फोकस इस बार चुनाव के समय संगठन खड़ा करने के बजाय पहले से जमीनी नेटवर्क तैयार करने पर है।
कांग्रेस का फोकस अब बूथ नेटवर्क पर
संगठन सृजन अभियान के तीसरे चरण के इस प्रशिक्षण को कांग्रेस की 2028 की चुनावी तैयारी की अहम कड़ी माना जा रहा है। पार्टी की रणनीति है कि ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षित अध्यक्ष अपने क्षेत्र में संगठन की गतिविधियां लगातार चलाते रहें। वहीं, मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण को बूथ स्तर तक पहुंचाएंगे।
कांग्रेस अब चुनाव से कुछ महीने पहले संगठन को सक्रिय करने के बजाय अभी से बूथवार नेटवर्क तैयार करने पर जोर दे रही है। पार्टी की कोशिश है कि कार्यकर्ताओं को लगातार मैदान में सक्रिय रखा जाए और चुनाव के समय सीधे मतदाताओं तक पहुंच बनाई जा सके।

