इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर पंजाबी गानों पर रील बनाकर पोस्ट करती थी।
चंडीगढ़ में पंजाबी इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर की हत्या कर दी गई। इन्फ्लुएंसर को पहले किडनैप किया गया, फिर पेड़ से बांधकर जला दिया। मौत के बाद मनजीत का पुराना इंटरव्यू सामने आया है।
.
इसमें मनजीत कह रही है कि उसे किसी पर विश्वास नहीं रह गया है। अपने किसी करीब दोस्त का नाम लिए बिना कहा कि उसे पैसा और जिस्म दोनों चाहिए थे, उसने सब दिया। लेकिन अब पछतावा होता है।
दूसरी तरफ चंडीगढ़ पुलिस उस जगह की पहचान करने में लगी है, जहां से उसे अगवा करने की बात हो रही है। साथ ही एफआईआर में जिन दो लोगों के नाम है, जल्द ही उन्हें भी पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, मनजीत कौर तीन माह की प्रेग्नेंट थी। बेटी की हत्या के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। दैनिक भास्कर से बातचीत में मां ने भावुक होकर कहा- “मेरा तो सबकुछ ही लुट गया है, अब मैं किसी से क्या बात करूं।”
मनजीत कौर को 3 जुलाई की देर रात आग में झुलसी हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था। इसके बाद 26 अगस्त को उसकी मौत हो गई। उसे चंडीगढ़ से 47 किलोमीटर दूर मोरिंडा में पेड़ से बांधकर जिंदा जलाया था।

इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर के इंस्टाग्राम पर 1 लाख 46 हजार फॉलोअर्स हैं।
अब विस्तार से पढ़िए इंटरव्यू में क्या कहा…
- अब किसी पर विश्वास नहीं रह गया: घटना से ठीक पहले मनजीत कौर ने एक यूट्यूब चैनल को इंटरव्यू देते हुए कहा था कि उसे अब किसी पर विश्वास नहीं रह गया है। प्यार का असर कम हो गया है। बहुत पछतावा भी होता था। अकेले में रोती हूं। जब एंकर उससे सवाल करता है किसी ने आपको नहीं समझाया नहीं कि ऐसे लड़कों पर विश्वास नहीं करते हैं, जो इस तरह के नहीं होते। इस पर उसने किसी का नाम लिए बिना कहा उसे जिस्म और पैसा दोनों चाहिए थे। मैंने उसे दोनों दिए। लेकिन अब मैं चाहती हूं कि एक बार बैठकर सारी चीजें निपटा दे। मुझे एक बात पर क्लियर कर दे। अब पछताते हैं और रोते हैं।
- सुकून की जिंदगी जीना चाहती थी: मनजीत ने इंटरव्यू में कहा कि अकसर लड़कियां कहती हैं कि उन्हें पैसे चाहिए, मुझे यह चाहिए, मुझे वह चाहिए, लेकिन मुझे कुछ नहीं चाहिए। मैं सुकून की जिंदगी जीना चाहती हूं। पैसा आ जाता है तो लोग सोशल होने लगते हैं, तो फिर लोग उसे जीने नहीं देते हैं। पहले क्लब जाने का शौक होता था। शर्त लगाकर शैंपेन खोलते थे। ढाई-तीन लाख का बिल बनाकर आते थे। उस जिंदगी से ऊब चुकी हूं। जब जेब में पैसे होते थे तो सारी सहेलियां साथ होती थीं। इस कारण अब शांत होकर बैठ गई हूं।
दोस्त बोला- मोरिंडा अस्पताल से आया था फोन मनजीत कौर के एक करीबी दोस्त, जिसे वह भाई की तरह मानती थी, ने बताया कि पेट्रोल की बात फैलाई गई है। मनजीत को मैं दो-ढाई साल से जानता हूं। कोई कहता है कि पेट में बच्चा है। रस्सी से बांधकर आग लगा दी। मुझे चार जुलाई को सुबह सात बजे फोन आया था आग लगा दी। उसे पीजीआई रेफर कर दिया। वह पीजीआई ले जाने में सक्षम नहीं थी। इसके बाद वह गया था।

पुलिस ने क्या बताया, 8 पॉइंट में पढ़िए…
- मां शिकायत लेकर थाने पहुंची: चंडीगढ़ सेक्टर-34 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शादी लाल ने बताया कि मनजीत कौर की मौत के बाद उसकी मां शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि बेटी को होश आने के बाद उसने पूरी घटना के बारे में जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
- मनजीत को सेक्टर- 34 बुलाया था: इंस्पेक्टर ने बताया कि मनजीत कौर ने मां को कहा था कि उसे फोन आया था कि उसे लेने के लिए सेक्टर-34 में गाड़ी भेजी जा रही है। इसके बाद शुभी और पिंदा गाड़ी लेकर वहां पहुंचे और मनजीत उनके साथ चली गई। इसके बाद उसके साथ क्या हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
- वाइन शॉप के आसपास की रिकॉर्डिंग जांची जा रही: उन्होंने बताया कि मनजीत कौर को सेक्टर-34 की वाइन शॉप के आसपास से ले जाने की बात सामने आई है। पुलिस वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि आमतौर पर कैमरों में करीब 15 दिन की रिकॉर्डिंग रहती है, इसलिए उपलब्ध फुटेज को चेक किया जा रहा है।
- पीजीआई पहुंचने पर पुलिस को दी थी जानकारी: इंस्पेक्टर शादी लाल ने बताया कि जब मंजीत कौर को इलाज के लिए पीजीआई लाया गया था, उस समय पुलिस को फोन किया गया था। इसके बाद चौकी से पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने मनजीत और परिवार की बात सुनी थी। उस समय घटना की जानकारी और घर का पता भी पुलिस को बताया गया था।
- खरड़ पुलिस को भी दी गई थी जानकारी: इंस्पेक्टर ने बताया कि पीजीआई से मिली जानकारी के बाद चंडीगढ़ पुलिस की ओर से खरड़ सदर थाना पुलिस के एएसआई कुलविंदर को फोन किया गया था। उन्हें भी पूरी घटना के बारे में बताया गया था। पुलिस का कहना है कि घटना वाले इलाके की पुलिस को बयान दर्ज करने के लिए पहुंचना था, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंची।
- सीनियर अफसरों से भी हुई चर्चा: इंस्पेक्टर शादी लाल ने बताया कि मामले को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी चर्चा की गई। मामला महिला से जुड़ा होने और आरोप गंभीर होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। इसके बाद शिकायत मिलते ही केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
- एफआईआर में जिनके नाम, उनसे पूछताछ होगी: इंस्पेक्टर ने बताया कि एफआईआर में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। जांच के दौरान अगर किसी अन्य व्यक्ति का नाम सामने आता है तो उससे भी पूछताछ की जाएगी।
- सबूत मिलने पर कार्रवाई होगी: थाना प्रभारी ने कहा कि जांच में अगर किसी व्यक्ति के खिलाफ आरोपों से जुड़े सबूत मिलते हैं तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
———-
ये खबर भी पढ़ें…
चंडीगढ़ में पंजाबी इन्फ्लुएंसर की किडनैप कर हत्या, गाड़ी में डालकर पंजाब लाए, पेड़ से बांध आग लगाई

चंडीगढ़ से लेडी पंजाबी इन्फ्लुएंसर को किडनैप कर उसकी हत्या कर दी गई। 2 युवकों ने उसे मिलने के बहाने बुलाया और जबरन गाड़ी में डालकर मोरिंड की तरफ ले गए। जहां रास्ते में पहले उन्होंने पंजाबी इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर की पिटाई की। फिर उसे शहतूत के पेड़ पर बांधकर जला दिया। (पढ़ें पूरी खबर)
