Headlines

Chicholi Water Crisis Protest | Women Break Pots At Nagar Parishad



बैतूल के चिचोली में पेयजल संकट से जूझ रही महिलाओं ने शनिवार को नगर परिषद कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। वार्ड क्रमांक 1, 14 और 15 की महिलाओं ने मटके फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराया। वे सीएमओ से मिलने की मांग पर धरने पर बैठ गईं।

.

प्रदर्शनकारी महिलाएं सीएमओ से सीधी बातचीत पर अड़ी रहीं और नगर परिषद कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गईं। उन्होंने कहा कि जब तक पेयजल व्यवस्था बहाल नहीं होगी, वे धरना समाप्त नहीं करेंगी। बाद में, सीएमओ ने प्रभावित वार्डों में टैंकर से पानी पहुंचाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता आशुतोष बाली मालवीय भी मौके पर पहुंचे। वार्डवासियों ने उनके सामने भी नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता ने उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया। इस पर कांग्रेस नेता रूपेश आर्य और एनएसयूआई प्रदेश सचिव हर्ष भुसारी ने आपत्ति जताई। इसके बाद आशुतोष मालवीय और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बटनू पटेल के बीच तीखी बहस हुई, जिससे कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

NSUI नेता बोले- नागरिकों को साफ पानी नहीं मिल रहा एनएसयूआई प्रदेश सचिव हर्ष भुसारी ने आरोप लगाया कि वार्ड क्रमांक 1, 14 और 15 में पेयजल संकट गंभीर है और लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा। उन्होंने यह भी कहा कि नगर परिषद अध्यक्ष के कार्यकाल में शराब और ड्रग्स आसानी से उपलब्ध हैं, लेकिन नागरिकों को साफ पानी नहीं मिल रहा। भुसारी ने बताया कि वार्ड क्रमांक 14 और 15 में प्रजापति (कुम्हार) समाज की बड़ी आबादी रहती है, जो इस संकट से सर्वाधिक प्रभावित है।

कांग्रेस नेता रूपेश आर्य ने जानकारी दी कि उन्होंने पहले भी पेयजल संकट की शिकायत की थी। हालांकि, समस्या का समाधान न होने के कारण वार्डवासियों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, पिछले 15 दिनों से पानी न मिलने के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बटनू पटेल, कांग्रेस नगर अध्यक्ष राहुल पटेल, पूर्व पार्षद रूपेश आर्य, एनएसयूआई प्रदेश सचिव हर्ष भुसारी, सेम आर्य, पार्षद रोहित आर्य, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष हनी सोनी, मोहित आर्य, विकास आर्य, विक्की आर्य, बुड्डू प्रजापति तथा वार्ड क्रमांक 1, 14 और 15 के बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष रहवासी उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *