![]()
प्रतापगढ़ की कोटड़ी थाना पुलिस ने 35 ग्राम एमडी जब्त कर मध्य प्रदेश के उज्जैन निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल की गई एक हुंडई कार भी जब्त की गई है। ये कार्रवाई एसपी विशाल जांगिड़ के निर्देशन में, एएसपी जयदेव सिहाग और वृत्ताधिकारी अरनोद चंद्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में हुई। कोटड़ी थाना प्रभारी ठाकराराम ने टीम का नेतृत्व किया। पुलिस के अनुसार, शनिवार को शौली फंटा पर नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान एमपी नंबर की एक हुंडई कार पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गाड़ी को रोका। तलाशी लेने पर शाहनवाज उर्फ शानु के पास से 35 ग्राम अवैध एमडी बरामद हुई। इसके बाद मादक पदार्थ और कार को जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहनवाज उर्फ शानु (35) के रूप में हुई है, जो उज्जैन के फव्वारा चौक, कोतवाली थाना क्षेत्र का निवासी है। दूसरा आरोपी इसरार खान (36) है, जो उज्जैन के नागझीरी देवास रोड, थाना नागझीरी का रहने वाला है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कोटड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और अब मादक पदार्थ के स्रोत तथा इसके आपूर्ति नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।
Source link
प्रतापगढ़ में एमडी के साथ दो तस्कर गिरफ्तार:शौली फंटा पर नाकाबंदी कर पकड़ा, 35 ग्राम एमडी जब्त
