- Hindi News
- Sports
- Cincinnati Open | Tommy Paul Defeats Zverev & Swiatek Enters Quarterfinals
20 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बारिश के कारण दूसरे सेट के 7वें गेम में मैच 90 मिनट तक रुका रहा। इसके बाद कोर्ट पर गिरी बूंदों को सुखाने के लिए दो बार 5-5 मिनट का ब्रेक भी लेना पड़ा।
सिंसिनाटी ओपन में अमेरिका के टॉमी पॉल ने बड़ा उलटफेर करते हुए दुनिया के नंबर-3 खिलाड़ी और 2026 फ्रेंच ओपन चैंपियन अलेक्जेंडर ज्वेरेव को चौथे दौर में हरा दिया। बारिश से प्रभावित मुकाबले में पॉल ने एक मैच प्वाइंट बचाते हुए ज्वेरेव को 4-6, 7-6 (6), 6-4 से हराया।
इसके साथ ही वे पहली बार इस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। महिला वर्ग में डिफेंडिंग चैंपियन इगा स्वियातेक ने फ्रांस की डियान पैरी को 6-3, 6-3 से हराकर अंतिम-8 में जगह बनाई।
बारिश के कारण करीब 90 मिनट रुका मैच
ज्वेरेव और पॉल का मुकाबला दूसरे सेट में बारिश के कारण करीब 90 मिनट तक रुका। इसके बाद कोर्ट तैयार करने के लिए भी छोटे ब्रेक लिए गए। मैच दोबारा शुरू होने पर पॉल ने वापसी की और दूसरे सेट का टाई-ब्रेकर जीतकर मुकाबला निर्णायक सेट में पहुंचाया।
मैच पॉइंट बचाकर जीता दूसरा सेट
पहला सेट ज्वेरेव ने 6-4 से जीता। दूसरे सेट में पॉल ने कड़ा संघर्ष किया और टाई-ब्रेकर में ज्वेरेव का मैच प्वाइंट बचाकर सेट 7-6 (6) से अपने नाम किया। निर्णायक सेट में ज्वेरेव 4-2 से आगे थे, लेकिन पॉल ने लगातार चार गेम जीतकर 6-4 से सेट और मैच अपने नाम कर लिया।
ज्वेरेव ने मैच में 14 एस लगाए, लेकिन 9 डबल फॉल्ट भी किए। पॉल ने घरेलू दर्शकों के सामने यह जीत दर्ज की। इस जीत के साथ वे पहली बार सिंसिनाटी ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।

सिंसिनाटी ओपन में जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव के खिलाफ मैच के दौरान अमेरिका के टॉमी पॉल।
क्वार्टर फाइनल में कोबोली से मुकाबला
टॉमी पॉल का अगला मुकाबला इटली के फ्लेवियो कोबोली से होगा। कोबोली ने स्पेन के राफेल जोदार को 4-6, 7-6 (3), 6-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
जोकोविच को हराने वाले टिरेंटे भी अंतिम-8 में
अर्जेंटीना के थियागो टिरेंटे ने जैकब मेन्सिक को 5-7, 6-4, 6-4 से हराकर अपने करियर के पहले ATP मास्टर्स 1000 क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। टिरेंटे ने इससे पहले दूसरे दौर में नोवाक जोकोविच को हराकर बड़ा उलटफेर किया था।

अर्जेंटीना के थियागो टिरेंटे पहली बार ATP मास्टर्स 1000 के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
स्वियातेक की लगातार नौवीं जीत
महिला सिंगल्स में नंबर-7 सीड और डिफेंडिंग चैंपियन इगा स्वियातेक ने डियान पैरी को 6-3, 6-3 से हराया। यह उनकी लगातार नौवीं जीत है। इसके साथ ही स्वियातेक WTA 1000 टूर्नामेंट में 30वीं बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं।

सिंसिनाटी ओपन के राउंड ऑफ-16 में फ्रांस की डियान पैरी के खिलाफ शॉट खेलतीं पोलैंड की इगा स्वियातेक। स्वियातेक ने यह मुकाबला 6-3, 6-3 से जीता।
क्वार्टर फाइनल में रायबकिना से भिड़ेंगी
स्वियातेक का क्वार्टर फाइनल में सामना एलेना रिबाकिना से होगा। दोनों के बीच पिछले हफ्ते टोरंटो के फाइनल में भी मुकाबला हुआ था, जहां स्वियातेक ने जीत दर्ज की थी। स्वियातेक ने टोरंटो खिताब जीतने के बाद सिंसिनाटी में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है।
———————————————————-
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें…
वेस्ली सो सिंकफील्ड कप चैंपियन:प्रज्ञानानंदा बराबर अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे; तान झोंगयी ने दूसरा केर्न्स कप जीता

सेंट लुइस में खेले गए 2026 सिंकफील्ड कप का खिताब अमेरिका के ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो ने जीत लिया।
क्लासिकल मुकाबलों के बाद सो और भारत के आर प्रज्ञानानंदा बराबरी पर रहे। विजेता के लिए दो रैपिड प्लेऑफ बाजियां खेली गईं, लेकिन दोनों ड्रॉ रहीं। इसके बाद आर्मगेडन में भी मुकाबला ड्रॉ रहा, लेकिन काले मोहरों से खेलने के कारण सो को विजेता घोषित किया गया। यह उनका तीसरा सिंकफील्ड कप खिताब है। सो को 87,500 डॉलर की पुरस्कार राशि मिली। पूरी खबर

