![]()
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शुक्रवार को लुधियाना पहुंचे और हैबोवाल में कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) प्लांट के निर्माण की शुरुआत की। करीब 65 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होने वाले इस प्रोजेक्ट को सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार के अनुसार प्लांट से इलाके के 435 डेयरी मालिकों को सीधा लाभ मिलेगा। इस प्लांट से रोजाना 5 टन बायोगेस पैदा होगी। मुख्यमंत्री ने रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार की नीतियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार का काम केवल लोगों पर पर्चे दर्ज करवाना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार के अवसर देना है। मान ने कहा कि जो युवा प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छे अंक हासिल करते हैं, उन्हें सरकार की ओर से नौकरी से संबंधित जानकारी उनके घर चिट्ठी के माध्यम से और मोबाइल पर संदेश के जरिए दी जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए सरकार की ओर से करीब ढाई एकड़ जमीन उपलब्ध करवाई गई है। प्लांट में रोजाना करीब 300 टन गोबर का वैज्ञानिक तरीके से निपटारा किया जाएगा। गोबर से बनेगी CBG, कचरे से कमाई का मॉडल सीएम मान ने कहा कि लंबे समय से इस प्रोजेक्ट को शुरू करने की तैयारी चल रही थी। प्लांट का उद्देश्य गोबर का वैज्ञानिक तरीके से निपटारा करने के साथ-साथ उससे उपयोगी ऊर्जा तैयार करना है। उन्होंने कहा कि जब गोबर को वैज्ञानिक तरीके से प्रोसेस किया जाएगा तो वह सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों में नहीं जाएगा। इससे STP पर पड़ने वाला दबाव भी कम होगा। 435 डेयरी मालिकों को मिलेगा फायदा मान ने कहा कि हैबोवाल के इस प्रोजेक्ट से करीब 435 डेयरी मालिकों को फायदा मिलेगा। रोजाना बड़ी मात्रा में गोबर प्लांट तक पहुंचाया जाएगा और उसका वैज्ञानिक तरीके से निपटारा होगा। उन्होंने कहा कि इससे शहर में गंदगी कम करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। सांसद बलबीर सिंह सीचेवाल की टीम का किया धन्यवाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्यसभा सांसद बलबीर सिंह सीचेवाल और उनकी टीम का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सीचेवाल की टीम बुड्ढा दरिया की सफाई के लिए लगातार काम कर रही है। मान ने कहा कि पंजाब की पहचान पांच दरियाओं की धरती के तौर पर रही है और सरकार का लक्ष्य इन जल स्रोतों को साफ-सुथरा बनाना है। ‘पंजाब का पानी पंजाब में संभालना जरूरी’ मुख्यमंत्री ने पानी के मुद्दे पर कहा कि पंजाब के पानी को बचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने दावा किया कि 2022 में पंजाब में नहरी पानी के इस्तेमाल का हिस्सा करीब 22 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 88 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा और राजस्थान को पुराने समझौतों के तहत पानी दिया जा रहा है, लेकिन पंजाब ने अपने हिस्से के पानी को संभालने के लिए कई कदम उठाए हैं। 14 हजार किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने का दावा सीएम मान ने कहा कि राज्य में अब तक करीब 14 हजार किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जबकि लगभग 7 हजार किलोमीटर और पाइपलाइन बिछाने का लक्ष्य है। नहरी पानी खेतों तक पहुंचने से किसानों को फायदा होगा और फसलों का उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। 21 लाख क्यूसेक पानी जमीन में रिचार्ज करने का दावा मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से अब तक करीब 21 लाख क्यूसेक पानी जमीन में रिचार्ज किया गया है। उनके अनुसार इससे पंजाब के कई इलाकों में भूजल स्तर में सुधार हुआ है और कुछ स्थानों पर पानी का स्तर एक मीटर से पांच मीटर तक ऊपर आया है। ‘लोगों का पैसा लोगों पर खर्च कर रही सरकार’ सीएम मान ने कहा कि सरकारी प्रोजेक्टों पर खर्च होने वाला पैसा लोगों का है और सरकार उसे लोगों की सुविधाओं पर ही खर्च कर रही है। उन्होंने CBG प्लांट को पर्यावरण, डेयरी कारोबार और ऊर्जा-तीनों क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट बताया। सरकार के मुताबिक सितंबर 2027 तक प्लांट का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद रोजाना करीब 300 टन गोबर का वैज्ञानिक तरीके से निपटारा किया जा सकेगा।
Source link
CM बोले-सरकार का काम पर्चे करवाना नहीं, नौकरियां देना:लुधियाना में CBG प्लांट का किया उद्घाटन; 65 करोड़ से प्रोजेक्ट होगा तैयार
