सोनीपत31 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

13 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सैनी DCRUST में हुए लैब उद्घाटन के कार्यक्रम में पहुंचे थे।
सोनीपत में मुख्यमंत्री नायब सैनी के 13 अगस्त के दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (DCRUST) के कार्यक्रम के दौरान ऑडिटोरियम का AC ठीक से काम नहीं करने के मामले में यूनिविर्सटी के इलेक्ट्रिकल विंग के SDE युद्धवीर दलाल को सस्पेंड कर दिया गया। 14 अगस्त को सस्पेंशन के ऑर्डर सामने आए।
यूनिवर्सिटी के मुताबिक, ऑडिटोरियम के HVAC सिस्टम की सर्विस, मरम्मत और इलेक्ट्रिकल काम की निगरानी की जिम्मेदारी युद्धवीर दलाल की थी। इसी मामले में HVAC सिस्टम का काम समय पर पूरा नहीं करने वाली कंपनी के खिलाफ भी मुरथल थाने में केस दर्ज कराया गया है।
आरोप है कि कंपनी ने 28.45 लाख रुपए की एडवांस राशि लेने के बावजूद काम पूरा नहीं किया, जिसके चलते यूनिवर्सिटी को दूसरी एजेंसी से काम करवाना पड़ा।
युद्धवीर दलाल का सस्पेंशन ऑर्डर…

इलेक्ट्रिकल काम की जिम्मेदारी युद्धवीर दलाल की थी
13 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सैनी DCRUST में लैब उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान ऑडिटोरियम में कूलिंग की समस्या आई। कंस्ट्रक्शन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑडिटोरियम के AC/HVAC सिस्टम की सर्विस, मरम्मत और इलेक्ट्रिकल काम की निगरानी की जिम्मेदारी SDE युद्धवीर दलाल की थी। इसी आधार पर उन्हें सस्पेंड किया गया है। सस्पेंशन के दौरान उन्हें रोज रजिस्ट्रार ऑफिस में हाजिरी लगानी होगी।
इससे पहले सोनीपत के पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भी ऑडिटोरियम का AC नहीं चल पाया था। तब प्राइवेट AC और कूलर लगाकर कूलिंग करने की कोशिश की गई थी। कार्यक्रम के दौरान ऑडिटोरियम में बैठे लोगों ने गर्मी की शिकायत भी की थी। इस पर मेयर राजीव जैन ने कहा था, “कोई नहीं, ये हम सभी का संघर्ष है।”
28.45 लाख लेने के बाद भी HVAC का काम पूरा नहीं किया
यूनिवर्सिटी की शिकायत पर मुरथल थाना पुलिस ने मेसर्स क्लाइमावेनिटा क्लाइमेट टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड, उसके निदेशकों, अधिकृत प्रतिनिधियों और जांच में सामने आने वाले अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ BNS की धारा 316(2) और 318(4) के तहत FIR दर्ज की है। कंपनी पर HVAC सिस्टम की मरम्मत के लिए 28.45 लाख रुपए की एडवांस राशि लेने के बाद भी तय समय में काम पूरा नहीं करने का आरोप है।
शिकायत के अनुसार, कंपनी ने एडवांस राशि ले ली, लेकिन तय समय में काम पूरा नहीं किया। बाद में कंपनी ने कुछ और पार्ट्स लगाने के लिए 6.15 लाख रुपए अतिरिक्त मांगे। यूनिवर्सिटी ने कंपनी को कई पत्र, ई-मेल और रिमाइंडर भेजकर काम पूरा करने को कहा। इसके बावजूद कंपनी की ओर से कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई।

यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर श्रीप्रकाश ने कहा कि SDE युद्धवीर दलाल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
SHO बोले- जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी
मुरथल थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि यूनिवर्सिटी की शिकायत 13 अगस्त को मिली थी। पुलिस ने BNS की धारा 316(2) और 318(4) के तहत केस दर्ज किया है। अब पुलिस कार्यादेश, भुगतान का रिकॉर्ड, तकनीकी रिपोर्ट, कंपनी से हुई बातचीत और दूसरी एजेंसी को दिए गए काम से जुड़े दस्तावेजों की जांच करेगी। जांच में किसी और की भूमिका या कोई दूसरा अपराध सामने आया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
VC बोले- दिक्कत आने पर एक्शन लिया
यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर (VC) श्रीप्रकाश ने बताया कि 13 अगस्त को सीएम नायब सिंह सैनी के यूनिवर्सिटी पहुंचने के दौरान ऑडिटोरियम की कूलिंग व्यवस्था को लेकर दिक्कत सामने आई थी। बिजली विभाग के SDE युद्धवीर दलाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं संबंधित कंपनी के खिलाफ मुरथल थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।

