डूंगरपुर शहर के प्रताप नगर में सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना।
डूंगरपुर शहर के प्रताप नगर में दिनदहाड़े सूने मकान का ताला तोड़कर 2-3 चोर लाखों का कीमती सामान ले गए। वारदात के दौरान परिवार के सभी सदस्य बाहर थे।
.
उदयपुर में बैठे भतीजे ने घर के CCTV कैमरों की ऑनलाइन जांच की तो अंदर संदिग्ध लोगों को देखकर परिजनों को चोरी की जानकारी दी। फुटेज में चोर हरे रंग की प्लास्टिक थैली में चोरी का सामान लेकर पिछले दरवाजे से निकलते दिखाई दे रहे हैं।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी।

CCTV फुटेज में कैद हुए चोर।

घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया।

चोर चोरी का सामान लेकर पिछले दरवाजे से निकलते दिखाई दे रहे हैं।
सुबह घर से निकला परिवार
प्रताप नगर निवासी लक्ष्मीकांत भोई सरकारी नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह वह और उनकी पत्नी अपने-अपने काम पर चले गए थे। घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया।
उदयपुर में बैठे भतीजे ने CCTV में देखे संदिग्ध
दोपहर करीब 11 बजे से 12:30 बजे के बीच उदयपुर में मौजूद लक्ष्मीकांत के भतीजे राजेश ने घर के बाहर लगे CCTV कैमरों की ऑनलाइन जांच की। कैमरे में 2-3 अज्ञात लोग घर के अंदर दिखाई दिए। राजेश को अनहोनी की आशंका हुई और उसने तुरंत लक्ष्मीकांत को फोन कर घर में चोरी होने की जानकारी दी।

टूटा मिला घर का मुख्य दरवाजा।
टूटे मिले दरवाजे और अलमारी के ताले
सूचना मिलने के बाद लक्ष्मीकांत ने पड़ोसियों, दोस्तों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। वह घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और घर में चोरी होने की पुष्टि हुई।
हरे रंग की थैली में सामान लेकर निकले चोर
CCTV फुटेज में संदिग्ध चोर घर के पिछले दरवाजे से बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं। उनके हाथ में हरे रंग की प्लास्टिक थैली भी नजर आ रही है, जिसमें चोरी का सामान ले जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।

चोरों ने अलमारी के ताले तोड़कर की लूट।
चोरी के सामान का आकलन बाकी
लक्ष्मीकांत भोई ने बताया कि चोरी के बाद परिवार काफी परेशान है। इस वजह से फिलहाल चोरी हुए सामान और नकदी की कुल कीमत का सही आकलन नहीं हो पाया है। उन्होंने लाखों रुपए का कीमती सामान चोरी होने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
