महिलाओं को बाबा रामपाल की किताबें बेचने से रोकते हुए निहंग मनप्रीत सिंह खालसा
पंजाब के फरीदकोट में हरियाणा के सतलोक आश्रम के बाबा रामपाल का साहित्य बांटने को लेकर विवाद गहरा गया है। घर-घर जाकर 20-20 रुपये में किताबें बेच रहीं महिलाओं को निहंग मनप्रीत सिंह खालसा ने अपने साथियों के साथ मिलकर रोक लिया।
.
निहंग ने पंजाब में रामपाल का साहित्य बांटने से रोका, जिसके बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई। उधर, महिला ने भी निहंग मनप्रीत खालसा को दो टूक कह दिया कि धर्म का प्रचार तो कोई कहीं भी कर सकता है।
महिला के जवाब पर तिलमिलाए निहंग मनप्रीत सिंह खालसा ने उन्हें चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाब में ढोंगी और पाखंडियों का प्रचार करके दिखाओ, तो महिलाओं ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि तुम किस-किस को रोकोगे? इस विवाद का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

महिलाएं बाबा रामपाल का साहित्य बांट रही थीं।
निहंग व महिला के बीच क्या बहस हुई, जानिए…
निहंग: यह बलात्कारी है या नहीं? महिला: तुमने देखा है क्या?
निहंग: सिरसे वाले को क्या कहोगे? महिला: हम किसी के बारे में नहीं कहते।
निहंग: तुम कहां से आए? महिला: कोटकपूरा से आए हैं।
निहंग: क्या अधिकार है तुम्हें इसे बांटने का? महिला: हम तो सेवा कर रहे हैं।
निहंग: किसकी सेवा कर रहे हो? महिला: बाबा जी की सेवा कर रहे हैं।
निहंग: नाम क्या है? महिला: कुलविंदर कौर।
निहंग: सिख परिवार से होकर प्रचार पाखंडियों का कर रहे हो। महिला: वीरे, आपके सामने हाथ जोड़ रहे हैं।
निहंग: नहीं, यह गलत काम है। बताओ यह सही है? अपने ऊपर चौर चलाता है। महिला: हाथ जोड़ रहे हैं, हमें कुछ नहीं कहना।
निहंग: बताओ क्यों कर रहे हो ऐसा? महिला: हमने तुम्हें कहा कुछ?
निहंग: यह हरियाणा का है, इसका प्रचार पंजाब में क्यों कर रहे हो? महिला: यह तो सारी जगह हो रहा है।
निहंग: पंजाब में ऐसे कैसे कर लोगे? हमारे पास सिखी है या नहीं? महिला: ऐसे तो सारी जगह प्रचार होता है।
निहंग: तू किताब बांट के दिखा जरा, देखता हूं। महिला: किस-किस को रोकोगे? सब जगह हो रहा है प्रचार।

मनप्रीत खालसा ने बाद में अपनी बात रखी।
निहंग मनप्रीत खालसा ने कही ये अहम बातें…
- ईसाई मिशनरियों जैसा तरीका: निहंग मनप्रीत खालसा का कहना है कि ये जिसका प्रचार कर रहे हैं, ठीक वैसे ही कर रहे हैं जैसे चर्च वाले करते हैं। औरतों को आगे कर प्रचार के लिए भेजा जा रहा है। तुम खुद सिख परिवारों से हो, फिर भी ऐसा काम कर रही हो।
- पंजाब की जवानी और नशे पर सवाल: मनप्रीत खालसा का कहना है कि पंजाब में इस समय नशे का भयानक दौर चल रहा है। हमारी पूरी जवानी को नशे ने खा लिया है। क्या तुमने कभी नशे के खिलाफ कोई प्रचार किया? कोई लिटरेचर बांटा? पंजाब में इतना पाखंड और लचरता फैली हुई है, कभी इस पर आवाज उठाई?
- सिख इतिहास के अपमान का आरोप: मनप्रीत सिंह खालसा का कहना है कि इस बाबा के पास एक 80 साल का बुजुर्ग गया। उसने रामपाल के पास जाकर कहा कि उसे गुरु गोबिंद सिंह जी ने सपने में आकर रामपाल के चरणों में जाने को कहा। इसका सीधा मतलब यह है कि तुम लोग इसे श्री गुरु गोबिंद सिंह जी से भी ऊपर साबित करने की कोशिश कर रहे हो।
- दुराचारियों को बढ़ावा देने का आरोप: मनप्रीत सिंह खालसा ने कहा कि ये दुराचारी का प्रचार कर रहे हैं और उसे प्रमोट कर रहे हैं। ये महिलाएं मिलकर यह काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इन्हें विरोध करना चाहिए था, लेकिन वो प्रचार कर रही हैं।
- पैसों और प्रचार का जरिया: मनप्रीत सिंह खालसा ने महिलाओं से सवाल किया कि क्या तुम यह काम करने के लिए पैसे लेती हो? तुम मेरी बहन हो, यह काम तुम्हारे लिए अच्छा नहीं है। तुम्हें पंजाब को बचाना चाहिए। हम पंजाब के पानी और हक के लिए लड़ रहे हैं और तुम यहां 20-20 रुपये में किताबें बेच रही हो। यह 20 रुपये तो सिर्फ एक बहाना है, असली मकसद तो प्रचार करना है।
- अपने धर्म में पक्के रहने की सीख: निहंग मनप्रीत खालसा ने कहा कि तुम सिख परिवारों को रामपाल का साहित्य बांट रही हो। अगर देना ही है तो सिख परिवारों को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज और छोटे साहिबजादों का इतिहास व लिटरेचर दो। हिंदुओं को उनके धर्म ग्रंथों का साहित्य दो, ताकि सब अपने-अपने धर्म में पक्के रहें। पंजाब की धरती पर हम ऐसा पाखंड बिल्कुल होने नहीं देंगे।



॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰
यह खबर भी पढ़ें…
जालंधर में निहंगों ने 7 साल से बंधक युवक छुड़ाए:गुज्जरों के डेरे पर बहस के बाद पुलिस बुलाई; जबरन काम कराने के आरोप

जालंधर के फिल्लौर से निहंगों ने 7 साल से गुलाम बनाकर रखे 2 लोगों छुड़ाया। इसका वीडियो भी सामने आया है जो 1 दिन पहले अपलोड किया गया है। बाबा रत्न देव सेवा सोसायटी के निहंग गुज्जरों के डेरे पर पहुंचे और युवक से उसका नाम-पिता पूछा। पढ़ें पूरी खबर…
