बाण गंगा घाट पर आयोजित तीन दिवसीय ‘फिट कांगड़ा-2026 : एंटी चिट्टा, ड्रग फ्री यूथ फेस्ट’ का रविवार को भव्य समापन हुआ। महोत्सव की अंतिम शाम बनारस काशी की तर्ज पर हुई महाआरती और मनमोहक भजन संध्या श्रद्धालुओं और दर्शकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही।
.
कार्यक्रम में उपायुक्त कांगड़ा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उनके साथ एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा, पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा, नगर निगम पालमपुर की आयुक्त नेत्रा मैती और एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे।


सांस्कृतिक संध्या के दौरान शिवोहम्स पार्टी के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजन प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को शिवमयी बना दिया। इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए उपायुक्त कांगड़ा ने नशामुक्त समाज के निर्माण पर बल दिया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलकूद, योग और सांस्कृतिक गतिविधियों को जीवन शैली में शामिल करने का आह्वान किया।
वहीं, एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने इस सफल आयोजन की सराहना की। तीन दिनों तक चले इस यूथ फेस्ट में युवाओं को स्वस्थ और नशामुक्त जीवन शैली का संदेश देने के उद्देश्य से मैराथन, योग, टैलेंट हंट, जुंबा, नाटी और भांगड़ा जैसी कई प्रतियोगिताओं व गतिविधियों का आयोजन किया गया।
