![]()
हरियाणा के नारनौंद विधानसभा क्षेत्र में कोथ कलां से खानपुर तक की सड़क की विशेष मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के लिए सरकार ने 2 करोड़ 45 लाख 92 हजार रुपए की प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। लंबे समय से खराब स्थिति में रही इस सड़क के सुधार की प्रक्रिया अब आगे बढ़ेगी।
.
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि ग्राम पंचायत की मांगों को ध्यान में रखते हुए सड़क के एक हिस्से में पहले प्रस्तावित सीसी ब्लॉक के स्थान पर सीसी पेवमेंट का प्रावधान किया गया है। इसी बदलाव के कारण कार्य की संशोधित प्रशासनिक मंजूरी 245.92 लाख रुपए की राशि के साथ जारी की गई है।
आसपास के गांवों के लोगों को मिलेगी बेहतर सुविधा
कोथ कलां से खानपुर तक की यह सड़क क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसकी मरम्मत और सुदृढ़ीकरण से कोथ कलां, खानपुर और आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इससे दैनिक यात्रियों, किसानों और अन्य वाहन चालकों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी।
कैबिनेट मंत्री गंगवा ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद अब सड़क की विशेष मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण से संबंधित आवश्यक आगामी कार्रवाई की जाएगी। लगभग 2.46 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले इस कार्य से सड़क की मजबूती बढ़ने के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिलेगा।
