पानीपत8 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

सिविल सर्विसेज एग्जाम-2025 की जनरल के टॉपर अभिषेक सरोहा और ईडब्ल्यूएस कैटेगिरी टॉपर सिमरन अपनी-अपनी फैमिली के साथ।
हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने एग्जीक्यूटिव ब्रांच और अलाइड सर्विसेज एग्जाम-2025 का रिजल्ट जारी कर दिया है। सोनीपत के अभिषेक सरोहा ने 675 में से 394.5 अंक प्राप्त कर टॉप किया है। कुलदीप 392.90 अंकों के साथ दूसरे और ईशा काला 388.60 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। टॉप-10 में 6 लड़कियां हैं। क्रीमी ने चौथी, छवि ने पांचवीं, रजत फोगाट ने छठी और राहुल सैनी ने सातवीं रैंक हासिल की। मानवी आठवें, रीनू नौवें और जैनब खातून दसवें स्थान पर रहीं।
गोहाना के सेक्टर-7 निवासी अभिषेक के पिता जगबीर सरोहा स्कूल संचालक हैं, जबकि मां अमिता देवी टीचर हैं। साल 2020 में यूपीएससी की तैयारी शुरू की। 5 बार मेन्स और दो बार इंटरव्यू तक भी पहुंचे, लेकिन फाइनल लिस्ट में नाम नहीं आया। दो बार PCS के इंटरव्यू दिए। रिजल्ट आने के बाद बोले-
कई साल के संघर्ष, असफलताओं और बार-बार मौका चूकने के बाद आखिरकार फाइनल लिस्ट में नाम आया। अब भी यकीन करना मुश्किल हो रहा है कि HCS में पहली रैंक मिली।

बैकवर्ड क्लास-A कैटेगरी में जैनव खातून, क्लास-B कैटेगरी में राहुल सैनी ने टॉप किया है, जबकि EWS कैटेगरी में सिमरन टॉपर बनी हैं। अदर शेड्यूल्ड कास्ट कैटेगरी में गौरव सभ्रवाल और डेपरिवाइड शेड्यूल्ड कास्ट श्रेणी में अभिषेक महौर अव्वल रहे।

अंबाला की सिमरन अपने माता-पिता व भाई के साथ।
UPSC के इंटरव्यू तक पहुंचीं सिमरन
अंबाला की रहने वाली सिमरन ने 374.70 अंक हासिल कर 17वीं रैंक प्राप्त की है। वे EWS कैटेगरी में टॉपर हैं। पिता बलजीत सिंह किसान हैं, जबकि मां मोहिंदरजीत कौर गृहिणी हैं। छोटा भाई मानसिंह भारतीय सेना में है। सिमरन ने प्रारंभिक शिक्षा बराड़ा के डीएवी स्कूल से प्राप्त की। फिर सरकारी स्कूल से 11वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी की। नीलोखेड़ी इंजीनियरिंग संस्थान से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया।
सिमरन वर्ष 2021 से यूपीएससी की तैयारी कर रही हैं। वह अब तक चार प्रयास कर चुकी हैं। पिछले साल वह यूपीएससी के इंटरव्यू तक पहुंचीं, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो पाया। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और तैयारी जारी रखी। पहली बार एचसीएस परीक्षा दी और यह सफलता हासिल की।

कुरुक्षेत्र के राहुल सैनी मां व पत्नी के साथ। राहुल बीसी कैटेगरी में टॉपर हैं।
दादा का सपना पूरा करने के लिए बने अफसर
कुरुक्षेत्र के छपरा गांव के राहुल सैनी ने HCS परीक्षा में प्रदेश में 7वीं रैंक हासिल की है। वे बैकवर्ड क्लास कैटेगरी के टॉपर भी हैं। राहुल ने हिसार की हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी से बीएससी (एग्रीकल्चर) की। फिर गुजरात से रूरल मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री हासिल की। पिता सतीश कुमार हरियाणा सरकार में सीनियर लेखा अधिकारी के पद से रिटायर्ड हैं। मां उषा रानी गृहिणी हैं। राहुल की पत्नी किरणदीप कौर भी हाउस मेकर हैं।
राहुल ने बताया कि उनके दादा स्व. हरकेश चौधरी का सपना था कि वह बड़े अधिकारी बनकर समाज और देश की सेवा करें। आज दादा का यह सपना पूरा किया है। दादा शारीरिक रूप से उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद और दिए संस्कार हमेशा साथ हैं। राहुल ने वर्ष 2021 में भारतीय रिजर्व बैंक में नौकरी जॉइन की थी। नौकरी के साथ ही रोजाना 5 घंटे यूपीएससी की तैयारी करते थे। पहले ही प्रयास में यूपीएससी के इंटरव्यू तक पहुंचे, हालांकि अंतिम लिस्ट में नाम नहीं आया। तैयारी जारी रखी और इसी बीच हरियाणा सिविल सर्विस की परीक्षा दी।

भिवानी के अतुल कुमार अपने परिवार के साथ खुशी मनाते हुए।
टीना डाबी से प्रेरित हुए अतुल, पहले प्रयास में 13वां रैंक
भिवानी के गांव बामला निवासी अतुल कुमार ने HPSC परीक्षा-2025 में प्रदेश में 13वां रैंक हासिल किया है। उन्होंने करीब एक साल की तैयारी के बाद पहले ही प्रयास में सफलता पाई। 2015 में टीना डाबी के UPSC में टॉप करने से प्रेरित होकर अतुल ने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य बनाया था। वे रोजाना 8-10 घंटे पढ़ाई करते थे। अतुल ने 10वीं और 12वीं में 99% अंक हासिल किए। उन्होंने 2025 में दिल्ली यूनिवर्सिटी के हिंदू कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस में BA ऑनर्स किया। उनके पिता जितेंद्र कुमार JBT शिक्षक हैं और मां सुमन देवी गृहिणी हैं। परिवार में उनकी सफलता पर खुशी का माहौल है।

कब हुआ एग्जाम और कैसे हुआ रिजल्ट घोषित, यहां जानिए…
93 हजार ने किया था आवेदन
HCS के 102 पदों के लिए हुई इस भर्ती परीक्षा के लिए करीब 93 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। प्रीलिम्स एग्जाम 26 अप्रैल 2026 को हुआ था, जिसमें 52 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए। प्रीलिम्स के रिजल्ट के आधार पर 1,200 से ज्यादा अभ्यर्थियों को मेन्स एग्जाम के लिए चुना गया।
मेन्स पास करने के बाद 313 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू और पर्नालिटी टेस्ट के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। अब आयोग ने इंटरव्यू में शामिल अभ्यर्थियों का स्कोरकार्ड जारी किया है। इसमें लिखित परीक्षा के 600 और इंटरव्यू के 75 अंक मिलाकर कुल 675 अंकों में से प्राप्त अंक दिए गए हैं।
एग्जाम रिजल्ट के 3 बड़े टेकअवे:-
- इंटरव्यू में किसने मारी बाजी: इंटरव्यू में सबसे ज्यादा 55 अंक जनरल कैटेगरी की एकता (रोल नंबर 191069) ने हासिल किए। रोहित गुलिया ने 54.40 और पारुल ने 54.20 अंक प्राप्त किए। वहीं, टॉपर अभिषेक को इंटरव्यू में 43 नंबर मिले हैं।
- 20 अभ्यर्थियों का रिजल्ट रोका: आयोग ने प्रशासनिक और वैधानिक कारणों से 20 अभ्यर्थियों का रिजल्ट रोक दिया है। इनमें रोल नंबर 101971, 110199, 110587 और 120736 समेत अन्य अभ्यर्थी शामिल हैं।
- सब्जेक्ट वाइज रिजल्ट: आयोग ने स्कोरकार्ड में अभ्यर्थियों के सब्जेक्ट वाइज नंबर भी सार्वजनिक किए हैं। इसमें हिंदी और अंग्रेजी के 100-100 अंक के पेपर के साथ जनरल स्टडीज के GS-I से GS-IV तक चारों पेपर के अलग-अलग अंक दिए गए हैं।

———————–
ये खबर भी पढ़ें…
भिवानी के अतुल का HCS में 13वां रैंक:पहले प्रयास में सालभर तैयारी के बाद पाई सफलता, पिता टीचर तो मां गृहणी, IAS टीना डाबी से ली प्रेरणा

भिवानी के गांव बामला हाल बैंक कॉलोनी निवासी अतुल कुमार ने हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) एग्जाम-2025 की परीक्षा पास की है। साथ ही प्रदेश में ओवरआल 13वां रैंक भी हासिल किया है। अतुल कुमार ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि उसने पहले ही प्रयास में करीब सालभर की तैयारी के बाद यह सफलता हासिल की है। (पूरी खबर पढ़ें)

