हिमाचल कांग्रेस कमेटी और पॉर्लियामेंटरी अफेयर कमेटी की महत्वपूर्ण मीटिंग अब 16 और 17 अगस्त को कसौली में प्रस्तावित है। इसमें संगठन को मजबूत करने, अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीति तय करने, सरकार के कामकाज और कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चा स
.
राजनीतिक हलकों में इस बैठक को संभावित कैबिनेट विस्तार, कुछ मंत्रियों को ड्रॉप करने और नए चेहरों को जिम्मेदारी मिलने के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि हाल ही में दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने कांग्रेस आलाकमान के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश के संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इसी दौरान कसौली की मीटिंग फिक्स हुई है।
पहले यह बैठक 15 और 16 जुलाई को धर्मशाला में प्रस्तावित थी, लेकिन खराब मौसम और उड़ानों के प्रभावित होने की आशंका के चलते इसे स्थगित करना पड़ा। अब बैठक का आयोजन कसौली में किया जा रहा है, क्योंकि यह चंडीगढ़ के नजदीक होने से आवागमन की दृष्टि से अधिक सुविधाजनक है।
इस मीटिंग में प्रदेश कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, विभिन्न विभागों और अग्रणी संगठनों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति, संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तार से मंथन होगा।

सोलन के कसौली में होगी प्रदेश कांग्रेस कमेटी और पॉर्लियामेंटरी अफेयर कमेटी की मीटिंग। -फाइल फोटो।
चंदा चोरी, नीट पेपर को लेकर बीजेपी को घेरने की बनेगी रणनीति
विनय कुमार ने कहा कि दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने कांग्रेस आलाकमान को प्रदेश में नीट पेपर लीक और राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस द्वारा किए गए धरना-प्रदर्शनों की जानकारी भी दी। उन्होंने दावा किया कि इन अभियानों को जनता का अच्छा समर्थन मिला और पार्टी को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश कांग्रेस संगठन को और मजबूत बनाने तथा चुनावी तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की जा रही है।
पार्टी नेताओं से अलग अलग बैठकें होगी
इस दो दिवसीय मीटिंग के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी, राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अलग-अलग बैठकें भी होंगी। इनमें प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक मजबूती और आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
ये नेता रहेंगे मौजूद
इस मीटिंग में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, सह प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी, प्रदेश कैबिनेट के सदस्य, प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सहित संगठन के सभी प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे।
