हिमाचल में अगले छह दिन तक बारिश से राहत के आसार नहीं।
हिमाचल प्रदेश में फिलहाल बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश में अगले छह दिन तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। आज (4 अगस्त) ऊना, बिलासपुर और कांगड़ा जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किय
.
वहीं 5 अगस्त को कांगड़ा और मंडी जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। राज्य में इस मानसून सीजन के दौरान अब तक नॉर्मल से 9 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
जिलावार आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर में 6 फीसदी कम, हमीरपुर में 42 फीसदी, कांगड़ा में 20 फीसदी, लाहौल-स्पीति में 50 फीसदी, मंडी में 27 फीसदी, सिरमौर में 10 फीसदी और सोलन में 7 फीसदी कम बारिश हुई है।

इन जिलों में नॉर्मल से ज्यादा बारिश
वहीं चंबा में सामान्य से 17 फीसदी, किन्नौर में 28 फीसदी, कुल्लू में 23 फीसदी, शिमला में 23 फीसदी और ऊना में 2 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
बारिश के बाद तापमान में आई गिरावट
बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश के बाद अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। कई शहरों का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। सबसे अधिक गिरावट हमीरपुर के नेरी में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस कम हुआ।
इसके अलावा ऊना का तापमान 4.2 डिग्री गिरकर 30.8 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर का तापमान 3.5 डिग्री घटकर 29.0 डिग्री सेल्सियस और मनाली का तापमान 3.2 डिग्री गिरकर 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
