बांगो बांध के खुले गेट की ओर युवक ने लगाई छलांग, तेज बहाव में बहा
छत्तीसगढ़ के कोरबा के बांगो बांध में एक युवक ने खुले गेट की ओर छलांग लगा दी। तेज बहाव में बहने के बाद से युवक लापता है। यह घटना शनिवार को हुई, जब बांध के 7 गेट खुले थे और करीब 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था।
.
इस घटना का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है। छलांग लगाने के बाद रंजीत कुछ देर तक पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है। यह मामला बांगो थाना क्षेत्र का है।

अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय रंजीत यादव पाली थाना क्षेत्र के चैतमा गांव का रहने वाला है। रंजीत अपने तीन दोस्तों के साथ मिनीमाता हसदेव बांगो बांध देखने पहुंचा था। वे सभी गार्डन के पास खड़े होकर बांध का नजारा देख रहे थे।
इसी दौरान रंजीत के दोस्त उससे कुछ दूरी पर चले गए। दोस्तों के दूर होते ही रंजीत अचानक गार्डन की रेलिंग पर चढ़ा और पल भर में बांध के खुले गेट की तरफ छलांग लगा दी।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। छलांग लगाने के बाद रंजीत कुछ देर तक पानी में तैरता नजर आया, लेकिन बांध से करीब 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण बहाव काफी तेज था। कुछ ही देर बाद वह तेज बहाव में आंखों से ओझल हो गया।

गोताखोरों की मदद से तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस को जानकारी दी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू व तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस ने रंजीत के परिजनों को भी घटना की सूचना दी, जिसके बाद वहां गमगीन माहौल हो गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण नीतिश ठाकुर ने बताया कि टीम को तुरंत रवाना कर दिया गया है। पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाश अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से रंजीत की खोज की जा रही है।
बांगो बांध प्रशासन ने पहले ही चेतावनी जारी की थी कि गेट खुले होने के कारण बांध के पास न जाएं।
इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें
रील्स बनाने के लिए युवकों का खतरनाक स्टंट, VIDEO:बिलासपुर में डैम में लगा रहे छलांग, पुलिस ने कान पकड़वाकर कराई उठक-बैठक

बिलासपुर में युवक अपनी जान जोखिम में डालकर नदी और डैम में छलांग लगाते हुए खतरनाक स्टंट कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले और बांध उफान पर हैं। इसके बावजूद कई युवक अपनी जान जोखिम में डालकर नदी और डैम में छलांग लगाते हुए खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। इन स्टंट के वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…
