लुधियाना में इस बार चोरों ने जो किया है वह किसी फिल्मी सीन से कम नहीं है। लुधियाना बस स्टैंड डिपो के ठीक सामने बनी पार्किंग से चोरों ने पीआरटीसी (PRTC) की एक टॉप मॉडल बस ही उड़ा ली। अगले दिन यह बस लुधियाना से करीब 21 किलोमीटर दूर ईंटों पर खड़ी मिली।
.
रात के अंधेरे में कैसे दिया वारदात को अंजाम
जानकारी देते हुए बस के ड्राइवर ने बताया की सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि 28 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे एक बोलेरो पिकअप गाड़ी पार्किंग के पास आकर रुकती है। इसमें 7 से 8 लोग सवार हैं। ये शातिर चोर करीब दो घंटे तक वहीं बैठे रहते हैं और रेकी करते हैं।

चोर बस लेजते हुए सीसीटीवी में कैद
रात ठीक 2 बजकर 20 मिनट पर, जब सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा छा जाता है, तब वे बस को पार्किंग से बाहर निकालते हैं। हैरानी की बात यह है कि गेट पर न कोई एंट्री हुई और न ही किसी ने उन्हें रोकने-टोकने की जहमत उठाई। आगे चलकर जगराओं पुल के पास एक ऑटो और एक स्कूटी इस बस को एस्कॉर्ट करने के लिए पहुंच जाते हैं।
स्कूटी बैक करके बस के आगे-आगे चलने लगती है, और देखते ही देखते यह भारी-भरकम बस लुधियाना की सड़कों से गायब हो जाती है।यह कोई मामूली चोरी नहीं है। जिस बस को निशाना बनाया गया, वह BS-VI (Phase 2-6) टॉप मॉडल बस थी। इस हाई-टेक गाड़ी का सिस्टम इतना एडवांस होता है कि इसे कोई भी आम चोर बिना चाबी के स्टार्ट नहीं कर सकता।

जानकारी देते हुए पीड़ित
पीड़ित बस मालिक के मुताबिक,चोरों ने स्टार्टिंग स्विच की तारें तोड़कर गाड़ी को डायरेक्ट स्टार्ट किया। बस को इस तरह स्टार्ट करके ले जाना किसी ऐसे ही व्यक्ति का काम हो सकता है, जिसे बस के सिस्टम और वायरिंग की पूरी तकनीकी जानकारी हो। यह सीधा इशारा करता है कि इस वारदात में पार्किंग से जुड़ा कोई व्यक्ति या कोई बड़ा जानकार भेदी शामिल है।
ईंटों के सहारे खड़ी मिली बस, सब कुछ निकाल ले गए चोर
अगली सुबह करीब 7:30 बजे जब बस का ड्राइवर अपनी ड्यूटी पर पहुंचा तो बस को पार्किंग से गायब देख उसके होश उड़ गए। आनन-फानन में बस की तलाश शुरू की गई। कुछ घंटों की मशक्कत के बाद पता चला कि चौकीमान टोल प्लाजा से करीब 2 किलोमीटर पीछे, ढट्ट गांव के पास बस खड़ी है।

ईंटों के सहारे खड़ी मिली बस सब कुछ निकाल ले गए चोर
जब लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि बस ईंटों के सहारे खड़ी की गई थी। चोरों ने बड़ी ही तसल्ली से बस के सातों टायर, दोनों बैटरियां और स्टार्टिंग की तारें निकाल ली थीं। सबूत मिटाने के लिए उन्होंने बस के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़कर अपने साथ ले गए। इस वारदात में मालिक को सीधे तौर पर 7 से 8 लाख रुपये का फटका लगा है।
थाना नंबर 5 के चक्कर काट रहे पीड़ित
इस दुस्साहसिक वारदात को हुए एक हफ्ता बीत चुका है लेकिन पीड़ितों को अभी तक इंसाफ नहीं मिला है। बस मालिक और उनका स्टाफ लगातार थाना नंबर 5 के चक्कर काट रहा है। वहा एसएचओ (SHO) से मिलने पहुंचे थे। पुलिस का कहना है कि उन्होंने सीसीटीवी के आधार पर उस बोलेरो गाड़ी का नंबर निकाल लिया है जिसमें चोर आए थे। लेकिन कार्रवाई के नाम पर अभी तक सिर्फ जांच चल रही है का रटा-रटाया जवाब ही मिल रहा है और किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
