Headlines

Ludhiana Youth Murder Case | Ghanta Ghar Chowk Shooting Incident latest update


रमिंदर सिंह, जिसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।

लुधियाना में दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौट रहे युवक की हत्या कर दी गई। वहीं, उसका दोस्त घायल हो गया। कार में आए हमलावरों ने उन पर फायरिंग की। एक गोली युवक की गर्दन में लगी। गोली लगने के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा और कुछ देर तड़पने के बाद उसकी मौत हो गई।

.

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना थाना कोतवाली के अंतर्गत आने वाले घंटा घर चौक-12 के पास सोमवार देर रात की है। मृतक की पहचान रमिंदर सिंह उर्फ सोनू (39) के रूप में हुई है।

वह फोटोग्राफी का काम करता था। इसके दो बच्चे हैं। इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच करती हुई।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच करती हुई।

दोस्त की बर्थडे पार्टी में गया था

फायरिंग में घायल संजीव ने बताया कि सोमवार को दोस्त सन्नी का बर्थडे था। सन्नी ने सभी को बर्थडे पार्टी में बुलाया था। इसके लिए वह, रमिंदर सिंह और 2 अन्य दोस्त पार्टी में शामिल होने गए थे। रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच सभी पार्टी के बाद खाना खाने के लिए घर लौट रहे थे।

एक्टिवा-कार की टक्कर पर विवाद

उसने बताया कि JMD मॉल के पास एक एक्टिवा और कार की टक्कर को लेकर कुछ लोगों में बहस हो रही थी। उसने और उसके साथियों ने गाड़ी से उतरकर बीच-बचाव किया और मामला शांत करवाया। क्योंकि एक्टिवा सवार युवक भी पार्टी में शामिल हुए थे।

घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया।

पीछे से आई क्रेटा कार, फायरिंग की

मामला शांत होने के बाद वह और उसके तीनों साथी अपनी गाड़ी में बैठकर घर के लिए रवाना हुए। इसी दौरान पीछे से एक क्रेटा कार आई। उसमें सवार हमलावरों ने कार से ही गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए। गोली रमिंदर की गर्दन में लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके साथ वह भी गोलीबारी में घायल हो गया। उसके हाथ में चोट आई है।

परिवार में पत्नी और दो बच्चे

मृतक रमिंदर सिंह शादीशुदा था। उसके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा 8 साल का, जबकि छोटा बेटा 2 साल का है। उसकी पत्नी हाउसवाइफ है। रमिंदर का एक छोटा भाई भी है, जो शादीशुदा है। उसकी मां फैक्ट्री में काम करती हैं, जबकि पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती।

मामले की जांच कर रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

ADCP बोलीं- FIR हो चुकी, आरोपी पहचाने गए

ADCP इन्वेस्टिगेशन रुपिंदर भाटी ने कहा कि कल देर रात एक फायरिंग इंसिडेंट लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट के कोतवाली थाने के एरिया में रिपोर्ट हुआ। इस इंसिडेंट में एक ब्रेजा कार सवार नौजवानों के ऊपर क्रेटा कार वाले कुछ दोषी फायर करते हैं और इसी दौरान एक लड़के की मौत हो जाती है।

उन्होंने कहा कि जानकारी मिलते ही तुरंत पुलिस थाने की टीमें और CIA यूनिट्स की टीमें डिप्लॉय की गईं। ह्यूमन और टेक्निकल इनपुट्स को डेवलप करते हुए, इस इन्वेस्टिगेशन को बहुत ही प्रोफेशनल तरीके से देखा जा रहा है। मुख्य आरोपी आइडेंटिफाई हो चुके हैं। इस केस में FIR रजिस्टर हो चुकी है।

जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि यह एक रोड रेज का केस था। इन दोनों ग्रुप्स की आपस में मौके पर कोई कहासुनी हुई, जिसके रिजल्ट में इस फायरिंग इंसिडेंट के बाद यह मर्डर होता है। इसमें हमारी टीमें डिप्लॉयड हैं और बहुत जल्द ये जो आरोपी हैं, गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

********

ये खबर भी पढ़ें:

कारोबारी के घर में घुसकर पत्नी की हत्या: पठानकोट में सिर में रॉड मारी, चेहरे-गर्दन पर सरिया; चीखें सुन पहुंचे पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा

पठानकोट में बदमाशों ने 75 साल की महिला की घर में घुसकर हत्या कर दी। आरोपियों ने महिला के सिर पर लोहे की भारी रॉड से वार किए। चेहरे और गर्दन पर सरिए से हमला किया। जिससे उसकी मौत हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *