मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने राजस्व मंडल, आयुक्त भू-अभिलेख, प्रमुख राजस्व आयुक्त, संभागायुक्त एवं कलेक्टर कार्यालयों में कार्यरत पात्र कर्मचारियों के लिए नायब तहसीलदार पद पर विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा-2026 लेने का विज्ञापन जारी किया है। इ
.
ईएसबी के अनुसार, विभागीय नायब तहसीलदार परीक्षा भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में कराई जाएगी। परीक्षा लिखित एवं वस्तुनिष्ठ प्रकार की होगी। प्रश्नपत्र में 100 प्रश्न, कुल 100 अंक और 2 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित रिपोर्टिंग समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा।
कर्मचारी चयन मंडल द्वारा जारी आरक्षण तालिकाओं के अनुसार, अलग-अलग भर्ती कोड में नायब तहसीलदार के पदों का वर्गवार आरक्षण दिया गया है। इसमें सीधी भर्ती तथा सीमित विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा के लिए अलग-अलग पद निर्धारित किए गए हैं।
विभागीय प्रतियोगिता के एक भर्ती कोड में कुल 15 पद, जबकि अन्य संबंधित भर्ती तालिकाओं में 12 एवं 14 पद का विवरण दिया गया है। पदों का आरक्षण अनारक्षित, EWS, SC, ST और OBC वर्ग के अनुसार निर्धारित है।
कौन कर सकता है आवेदन
नियमों के मुताबिक परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए संबंधित विभाग में निर्धारित अवधि की सेवा तथा शैक्षणिक योग्यता आवश्यक है। पात्रता में मध्यप्रदेश जूनियर प्रशासनिक सेवा (भर्ती तथा सेवा शर्तें) नियम, 2011 एवं संबंधित संशोधनों के प्रावधान लागू होंगे।
आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, सेवा अवधि, विभागीय पात्रता और आरक्षण संबंधी शर्तों की जांच करना अनिवार्य होगा।

परीक्षा शुल्क ₹ 2,000 लगेगा
परीक्षा कार्यक्रम में विभागीय उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शुल्क ₹2,000 तय किया गया है। ऑनलाइन आवेदन के दौरान निर्धारित पोर्टल के माध्यम से शुल्क जमा करना होगा।
परीक्षा केंद्र पर इन चीजों पर प्रतिबंध
परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन, रिकॉर्डिंग डिवाइस सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित फोटोयुक्त पहचान पत्र/ई-आधार के साथ परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा।
