एसीबी की गिरफ्त में आरोपी होमगार्ड अनीश (बीच में) और सेंटर कमांडर विक्रम।
हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वतखोरी के मामले में नूंह जिले के होमगार्ड अनीश को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
.
आरोपी ने विभाग के ही साथी होमगार्ड की पोस्टिंग पलवल से नूंह करवाने के नाम पर 7 हजार की रिश्वत मांगी थी। 3 हजार रुपए वह पहले ही ले चुका था, बाकी 4 हजार रुपए और मांग रहा था।
शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत भिवानी एसीबी से कर दी। प्रूफ के रूप में ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी। इसी रिकॉर्डिंग के आधार पर एसीबी ने ट्रैप लगाकर कर आरोपी होमगार्ड को अरेस्ट कर लिया। इस मामले में नूंह सेंटर कमांडर विक्रम की भूमिका भी संदिग्ध मिली।
इस पर एसीबी टीम ने उसे दबोच लिया। फिलहाल, टीम दोनों को थाने ले गई है, जहां पूछताछ की जा रही है।

मामले की जानकारी देते एसीबी इंचार्ज भिवानी जगजीत सिंह।
कैसे एसीबी के ट्रैप में फंसे सेंटर कमांडर-होमगार्ड, सिलसिलेवार जानिए…
- 7 हजार में तय हुआ था ट्रांसफर का सौदा : शिकायतकर्ता की ड्यूटी फिलहाल पलवल जिले में लगी हुई थी। वह अपनी पोस्टिंग नूंह जिले में करवाना चाहता था। इसके एवज में होमगार्ड अनीश ने उनसे 7,000 रुपये की रिश्वत मांगी। आरोपी ने पीड़ित को धमकी दी थी कि अगर रुपये नहीं दिए, तो उसकी ड्यूटी पलवल में ही पड़ी रहेगी और उसका ट्रांसफर नहीं होने दिया जाएगा।
- पहली किश्त ली, दूसरी लेते ही ACB ने दबोचा : मजबूर होकर पीड़ित ने ACB में इसकी शिकायत दर्ज करा दी। प्रूफ के रूप में ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी, जिसमें अनीश उससे रिश्वत की बात करते सुनाई दे रहा था। शिकायत मिलते ही ACB की भिवानी टीम ने जांच की और जाल बिछाया। आरोपी अनिश पहले ही शिकायतकर्ता से 3,000 रुपये ले चुका था। जैसे ही वह बाकी के 4,000 रुपये की किश्त लेने पहुंचा, ACB की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
- जांच में सेंटर कमांडर भी निकला साझेदार : अनीश की गिरफ्तारी के बाद जब ACB ने सख्ती से पूछताछ की और साक्ष्य खंगाले, तो इस खेल में नूंह के सेंटर कमांडर विक्रम की भूमिका भी सामने आई। रिश्वत के इस खेल में शामिल होने के सबूत मिलते ही ACB ने सेंटर कमांडर विक्रम को भी गिरफ्तार कर लिया।
- दोनों के खिलाफ गुरुग्राम एसीबी थाने में केस दर्ज: इंचार्ज जगजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में आरोपी अनीश और विक्रम के खिलाफ गुरुग्राम के ACB पुलिस थाने में एफआईआर (केस नंबर 43) दर्ज कर ली गई है। दोनों के खिलाफ नए कानून (BNS) की धारा 308(2) और भ्रष्टाचार निरोधक कानून (Anti-Corruption Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसीबी ने दोनों को पुलिस लाइन स्थित होमगार्ड ऑफिस से अरेस्ट किया।
कैसे बदलवाते दोनों पोस्टिंग? पता कर रही एसीबी
इंचार्ज जगजीत सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान सिंचाई विभाग भिवानी के एक्सईएन राहुल छिल्लर राजपत्रित अधिकारी के रूप में मौजूद रहे। पूरे मामले की जांच की जा रही है। अनीश और विक्रम से पूछताछ की जा रही है।
पता किया जा रहा है कि दोनों कैसे शिकायतकर्ता की पोस्टिंग पलवल से नूंह कराते। इस खेल में और कौन-कौन इनके साथ थे। रिश्वत मांगने की ऑडियो रिकॉर्डिंग है, उसके आधार पर ही कार्रवाई हुई। जांच के बाद जो भी मामला सामने आएगा, उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
————————
रिश्वतखोरी से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
इंस्पेक्टर दूसरी बार रिश्वत लेते अरेस्ट:₹25 हजार लेते रंगेहाथ दबोचा; पलवल में पहले ₹5 लाख लेते पकड़ा गया, 9 महीने जेल रहा

हरियाणा के पलवल में नगर परिषद के बिल्डिंग इंस्पेक्टर को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी इंस्पेक्टर ने शिकायकर्ता के मकान को गिराने की कार्रवाई न करने की बदले 50 हजार रुपए की डिमांड की थी। (पूरी खबर पढ़ें)
