निवाड़ी के ओरछा में बुंदेला बाबा हाईवे पुल के पास दंपति से हुई लूट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से लूट की रकम में बचे 5,350 रुपए और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की पल्सर बाइक बरामद की गई है। दो अ
.
रास्ता पूछने के बहाने रोका, महिला के आभूषण लूटने का आरोप
घटना 13 सितंबर की शाम करीब 6:40 बजे बुंदेला बाबा हाईवे पुल के पास हुई थी। पुलिस के मुताबिक तीन बाइक सवार आरोपियों ने रास्ता पूछने के बहाने बाइक से जा रहे दंपति को रोका। इसके बाद महिला के आभूषण लेकर आरोपी फरार हो गए।
मामले में दतिया जिले के बसई थाना क्षेत्र के मकड़ारी गांव निवासी बालकिशन सेन ने ओरछा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने उनकी बाइक रोककर उनके साथ मौजूद महिला राखी सेन के आभूषण लूट लिए।
शिकायत में लूटे गए सामान में कमर की करधोनी, सोने की बीजासेन और सोने का ओम-बाला लॉकेट शामिल बताए गए हैं।
150 से ज्यादा CCTV कैमरों से खंगाला रूट
मामले की जांच के लिए निवाड़ी एसपी डॉ. रायसिंह नरवरिया के निर्देश और एसडीओपी केके पांडे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। आरोपियों की सूचना देने पर 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस टीम ने ओरछा के साथ आसपास के इलाकों में लगे 150 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान झांसी नगर निगम क्षेत्र में लगे कैमरों से पुलिस को आरोपियों की गतिविधियों और बाइक से जुड़ा सुराग मिला।

25 सितंबर को औरैया से आरोपी पकड़ा गया
पुलिस के मुताबिक जांच के बाद 25 सितंबर को औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र के औतो गांव निवासी 25 वर्षीय निजाम उर्फ नाजिम मंसूरी को पकड़ा गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में निजाम ने अपने भाई आजम मंसूरी और साथी प्रमोद के साथ मिलकर वारदात में शामिल होने की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक लूट की रकम में निजाम के हिस्से में 10 हजार रुपए आए थे, जिसमें से बचे 5,350 रुपए बरामद किए गए हैं।
दो आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक मामले में निजाम के भाई आजम मंसूरी निवासी औतो, थाना दिबियापुर, जिला औरैया और प्रमोद दोहरे निवासी बान, थाना मंगलपुर, जिला कानपुर देहात अभी फरार हैं। दोनों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और उत्तर प्रदेश में उनके खिलाफ लूट व चोरी समेत अन्य मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। इस दावे की पुष्टि संबंधित थानों के रिकॉर्ड से की जानी बाकी है।
