पलवल3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

सुखबीर और पुलिसकर्मचारी के बीच चले थप्पड़।
हरियाणा के पलवल में शराब पीकर घर में हंगामा कर रहे पिता की शिकायत उसकी बेटी ने पुलिस से कर दी। सूचना मिलते ही ERV टीम मौके पर पहुंच गई और युवती को पिता को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि व्यक्ति शांत होने के बजाय और भड़क गया।
उसने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। साथ ही एक SPO की वर्दी भी फाड़ दी। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस कर्मचारी और व्यक्ति एक-दूसरे को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया।
उधर, आरोपी के परिवार ने पुलिस पर भी थाने ले जाकर पीटने के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल, पुलिस ने व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी के साथ ईआरवी टीम में शामिल एसपीओ का भी एल्कोहल टेस्ट कराया गया है।

पुलिस कर्मचारी और व्यक्ति के बीच हुई मारपीट।

व्यक्ति को थप्पड़ मारकर लेकर जाते हुए पुलिस कर्मचारी।
यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला…
- बेटी ने रात में दी थी पुलिस टीम को सूचना: यह मामला 28 सितंबर का है। चांदहट थाना प्रभारी अश्वनी के अनुसार, 28 सितंबर की रात को ERV-501 पर तैनात पुलिस टीम को प्रीति नाम की युवती ने कॉल कर सूचना दी थी कि उसके पिता सुखबीर शराब के नशे में घर पर झगड़ा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही ERV टीम मौके पर पहुंची।
- समझाने पर भी नहीं माना, एसपी को पीटा : थाना प्रभारी ने बताया कि टीम को मौके पर सुखबीर शराब के नशे में मिला। टीम ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शांत नहीं हुआ। आरोप है कि उसने SPO हरकेश शर्मा के साथ मारपीट की और उसकी वर्दी फाड़ दी। अन्य पुलिस कर्मियों के साथ भी गाली-गलौज की।
- दोनों पक्षों का कराया गया मेडिकल : इससे हंगामा हो गया। इसके बाद पुलिस कमिर्यों ने किसी तरह सुखबीर को काबू कर लिया। इसके बाद सुखबीर और SPO हरकेश शर्मा को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों का मेडिकल कराया गया।
- सरकारी काम में बाधा का केस दर्ज किया : थाना प्रभारी के मुताबिक, मेडिकल रिपोर्ट में सुखबीर के मुंह से शराब की गंध आने की बात दर्ज की गई है। सुखबीर के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

परिवार का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने सुखबीर को थाने लेकर पीटा।
पुलिस कार्रवाई पर व्यक्ति के परिवार ने उठाए सवाल…
- पुलिस ने समझाने के बजाय पीटना शुरू किया: उधर, सुखबीर के बेटे मनोज और बेटी प्रीति ने पुलिस के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उनके पिता ने शराब पी हुई थी और इसी वजह से घर पर विवाद हो रहा था। इसी कारण प्रीति ने पुलिस को फोन कर मदद मांगी थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके पिता को समझाने की बजाय उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
- थाने ले जाकर पीटने का भी लगाया आरोप : मनोज का आरोप है कि पुलिसकर्मी उसके पिता सुखबीर को अपने साथ थाने ले गए। वहां भी उसके साथ मारपीट की गई। रात में वह अपने पिता को थाने से घर लेकर आया, लेकिन हालत खराब होने के कारण उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मारपीट के कारण सुखबीर ठीक से चल भी नहीं पा रहे हैं।
- पुलिस पर झूठा केस दर्ज करने का आरोप : सुखबीर के बेटे मनोज का कहना है कि पुलिस ने उनके पिता के खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया है। उनका कहना है कि जब परिवार ने खुद पुलिस को मदद के लिए बुलाया था तो पुलिस कर्मचारियों ने मारपीट क्यों की। परिवार ने SP पलवल को शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
————————
ये खबर भी पढ़ें….
हरियाणा पुलिस के SI को कंधे पर उठाकर पटका,VIDEO:वर्दी भी फाड़ी, महिला ने कॉलर पकड़ा; फरीदाबाद में शादी का झगड़ा सुलझाने आए थे

हरियाणा के फरीदाबाद जिले में शादी समारोह के बाद पड़ोसियों में झगड़ा हो गया। मामला बढ़ा तो पुलिस को सूचना दी गई। इस झगड़े की शिकायत पर पहुंची पुलिस टीम के साथ भी हाथापाई और मारपीट हो गई। पुलिस कर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। (पूरी खबर पढ़ें)

